लालू की जगह अब तेजस्वी यादव बने राजद के 'उम्मीद, उजियारा, उड़ान', जन विश्वास महारैली में मिल रही नई पहचान

लालू की जगह अब तेजस्वी यादव बने राजद के 'उम्मीद, उजियारा, उड़

पटना. पूरा पटना शहर राजद और महागठबंधन के नेताओं-कार्यकर्ताओं, उनके पोस्टर-बैनरों और कट आउटों से अटा पड़ा है. गांधी मैदान के चारों तरफ़ सड़कों पर, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास भी राजद के झंडे डंडों के साथ कार्यकर्ताओं का हुजूम दिख रहा है.  वह भी ऐसे समय में जब पटना में रविवार की सुबह बूंदाबादी वाली है. लोकसभा चुनाव के पहले विपक्षी एकजुटता और अपनी ताकत दिखाने के आयोजित इस जन विश्वास महारैली में पहली बार मुख्य चेहरे के तौर पर राजद ने लालू यादव के बदले तेजस्वी यादव के चेहरे को आगे किया है. वर्ष 2015 में बिहार की सियासत में प्रवेश करने वाले तेजस्वी यादव अब राजद में लालू यादव के उत्तराधिकारी के तौर पर खुद को स्थापित कर चुके हैं, 3 मार्च की जन विश्वास महारैली में पटना की सडकों पर दिख रहा नजारा कुछ वैसा ही है. 

पटना से विपक्षी ‘इंडिया’ की हुंकार सीधा संदेश है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए से आर-पार करने के लिए वे बिहार में पूरी तरह तैयार हैं. साथ ही जन विश्वास महारैली में जिस चेहरे को बिहार की जनता के सामने नए मुख्य रूप से फोकस में रखा गया है वह तेजस्वी यादव हैं. 10 दिनों की जन विश्वास यात्रा में जिस तरह से तेजस्वी यादव ने अपने प्रति यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि तेजस्वी मतलब नौकरी, अब उसे ही पटना की जन विश्वास महारैली में नए नारों और संदेशों के माध्यम से पेश किया गया है. 

उम्मीद, उजियारा, उड़ान : जन विश्वास महारैली के मुख्य पोस्टरों, तोरण द्वारों, बैनरों और होर्डिंग्स में तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ तीन शब्दों में बड़ा संदेश दिया गया है. राजद ने तेजस्वी की तस्वीर के साथ ‘उम्मीद, उजियारा, उड़ान’ का संदेश दिया है. राजद के एक नेता ने कहा कि हमारा संदेश साफ है. तेजस्वी पर बिहार की जनता को उम्मीद है. तेजस्वी ही बिहार के लिए उजियारा लाएंगे और तेजस्वी के सहारे ही बिहार नई उड़ान को तैयार है. पिछले 17 महीने जब तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री के रूप में बिहार में सेवाएं दी तब उन्होंने साबित किया कि वे जो बोलते हैं वह करते हैं. 10 लाख नौकरी देने के अपने वादे के अनुरूप लाखों लोगों को 17 महीने में नौकरी मिली. नीतीश कुमार जब पिछले महीने एनडीए संग हो गए उसके बाद भी आम जनता ने यह संदेश दिया कि तेजस्वी के 17 महीने एनडीए शासन के 17 वर्ष से ज्यादा बेहतर रहे. इसलिए तेजस्वी यादव ही उम्मीद, उजियारा, उड़ान हैं. 

पटना की सड़कों पर उमड़े समर्थक : पटना में मालूम हो कि, पटना के गांधी मैदान में होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बिहार के सभी जिलों में जनविश्वास यात्रा भी किया है। इस दौरान उन्होंने करीब 3500 किलोमीटर से अधिक यात्रा की। यात्रा दो चरणों में हुआ। वहीं बीते दिन राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी जनता से भारी संख्या में रैली में पहुंचने के लिए अपील की है। बिहार के कई जिलों से राजद समर्थक आज की महारैली के लिए पटना पहुंच चुके हैं। आधी रात को सभी समर्थकों को एमएलसी फ्लैट में रखा गया। वहीं समर्थकों ने सीएम नीतीश और पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। राजद समर्थकों का कहना है कि अब बिहार में लालटेन जलेगा.., रगड़ा होगा।