रामविलास पासवान के बंगले में नहीं 'शरद यादव' के 7 तुगलक रोड में रहेंगे पशुपति कुमार पारस, RCP सिंह को मिला इस कद्दावर नेता का बंगला

NEW DELHI : दिवंगत रामविलास पासवान के दिल्ली स्थित 12 जनपथ सरकारी आवास को खाली कराए जाने की अटकलों के बीच नए केंद्रीय मंत्रियों को बंगला अलॉट होना शुरू हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस को 7 तुगलक रोड एवं स्टील मंत्री आर सी पी सिंह को 8 तीस जनवरी मार्ग बंगला अलॉट हुआ है।
12 जनपथ का ऑफर दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने ठुकराया
बता दें, 7 तुगलक रोड में फिलहाल शरद यादव और 8 तीस जनवरी मार्ग बंगले में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन रह रहे हैं। इससे पहले कहा जा रहा था कि 12 जनपथ बंगला खाली कराने के बाद केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस या आरसीपी सिंह के नाम से अलॉट हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक दोनों केंद्रीय मंत्रियों को 12 जनपथ का बंगला ऑफर दिया गया था। लेकिन दोनों ने ही रामविलास पासवान के इस बंगले में रहने से मना कर दिया था।
12 जनपथ बंगला खाली कराने का आदेश
गौरतलब है कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने एक नोटिस जारी कर 12 जनपथ आवास को खाली करने को कहा है। वर्तमान में दिवंगत नेता रामविलास पासवान की पत्नी, बेटे चिराग पासवान और परिवार के अन्य लोग यहां रह रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद चिराग पासवान की ओर से अपने पिता की पहली बरसी 8 अक्टूबर तक का समय मांगा गया है।
1989 से रह रहे थे रामविलास
बता दें, दिवंगत नेता इस बंगले में साल 1989 से ही रह रहे थे। रामविलास पासवान देश के प्रमुख दलित नेताओं में से एक थे। पिछले साल अक्टूबर में 74 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। यह बंगला लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का आधिकारिक पता है, जो वहां नियमित तौर पर अपनी संगठनात्मक बैठकें और अन्य संबद्ध कार्यक्रम आयोजित करती रही है।
REPORTED BY DHIRAJ