बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पटना में दो गुटों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत, 8 घायल

पटना में दो गुटों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत, 8 घायल

PATNA : पटना जिला से एक बड़ी खबर आ रही है। दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई है। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। 12 अगस्त, रविवार की दोपहर मनेर के दरवेशपुर में अंधाधुंध फायरिंग होने लगी। लोग इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी मच गयी। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। बताया जा रहा है कि मनेर के दरवेशपुर के गौरेया स्थान के पास गोलीबारी हुई है। 

ताबड़तोड़ हुई गोलीबारी में जहां विकास की मौत हो गयी वहीं 8 लोग बुरी तरह घायल हो गये। सभी घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलीबारी की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी है और छानबीन में जुट गयी है। बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच लंबे अर्से से जमीन को लेकर विवाद है। इसी भूमि विवाद में रविवार को दोनों गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। तनाव को देखते हुए मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।  

क्या है पूरा मामला

दरवेशपुर निवासी विकास कुमार और मनोज कुमार के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। दोनों के बीच 11 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद है। इस मामले में विकास के परिजनों का कहना है कि रजिस्टर 2 में उनलोगों के पूर्वजों के नाम का जिक्र है, इसलिए इस जमीन पर विकास गुट का दावा बनता है लेकिन यहां पर बता दें कि उक्त विवादित जमीन मनोज के कब्जे में है। पहले भी दोनों के बीच इस मामले को लेकर शक्ति प्रदर्शन हो चुका है। 

पंचायत बैठने से पहले ही भिड़ गये दोनों

रविवार को इसी प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गयी थी लेकिन पंचायत बैठने से पहले ही दोनों आपस में भिड़ गये। पहले तू-तू, मैं-मैं हुई और फिर बाद में रोड़ेबाजी के साथ ही गोलीबारी होने लगी। इस लड़ाई में विकास का गुट कमजोर पड़ गया। मनोज गुट की ओर से चली गोली में विकास मौके पर ही ढेर हो गया। इसके अलावा खिलाड़ी राय व जगनारायण राय सहित कुल 8 लोग बुरी तरह घायल हो गये। पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है और घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।    

Suggested News