बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सासाराम में बोले पीएम मोदी- ये गरीबों को लूटते रहे, घोटाला करते रहे इसलिए देश कह रहा है- अब बहुत हुआ

सासाराम में बोले पीएम मोदी- ये गरीबों को लूटते रहे, घोटाला करते रहे इसलिए देश कह रहा है- अब बहुत हुआ

SASARAM : सासाराम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा । पीएम मोदी ने कहा कि महामिलावट की और एनडीए की राजनीति का अंतर स्पष्ट है। हम बिहार को लालटेन के युग से निकालकर एलईडी की दूधिया रोशनी तक लाए हैं। ये बिहार को लालटेन के युग में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये महामिलावटी लोग सिर्फ और सिर्फ समाज के विभाजन के बल पर वोट बटोरने की राजनीति करते हैं। यही कारण है कि आजादी के बाद इतने दशकों तक बिहार सहित इस समूचे पूर्वी भारत को विकास की रोशनी से दूर रखा गया।

पीएम मोदी ने कहा कि ये गरीबों के पैसों से घोटाले करते रहे, गरीब को लूटते रहे। मैं गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहा। आपने मुझे आशीर्वाद देकर पांच साल तक देश का प्रधान सेवक बनाया। इतने साल तक सत्ता में रहने के बाद भी मेरी संपत्ति क्या है, आप दोनों की तुलना करके देखिएगा। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार का कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए जमकर फायदा उठाया और आज वो सुबह-शाम मुझे गालियां दे रहे हैं। ये गालियां इसलिए निकल रही हैं क्योंकि बिहार के लोगों ने इनका सूपड़ा साफ कर दिया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद इतने दशकों तक इन्होंने आतंकवाद के सामने घुटने टेके रखे। इसलिए अब देश कह रहा है- अब बहुत हुआ। पाकिस्तान के आतंक को ये मुंहतोड़ जवाब नहीं दे पाए। इसलिए देश उनको कान पकड़ के कह रहा है- अब बहुत हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि जब हमारे सपूत सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं, तो ये आतंकियों की लाशें मांगते हैं। इसलिए गुस्से से भरा हुआ देश कह रहा है- अब बहुत हुआ। ये देश तोड़ने की बात करने वालों के साथ खड़े रहते हैं। इसलिए देश कह रहा है- अब बहुत हुआ।

पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी का आशीर्वाद और प्यार ही मेरी पूंजी है। आपका प्यार ही मुझे तपाता भी है और दौड़ाता भी है। सासाराम और बिहार ने हमेशा देश को दिशा देना वाला नेतृत्व दिया। उन्होंने कहा कि महामिलावट वाले किसानों की बात करते हैं, लेकिन खेत में पानी नहीं पहुंचा पाते हैं। दुर्गावती जलाशय परियोजना के साथ इन्होंने क्या किया ये आप जानते हैं। जहानाबाद के लोगों को उत्तर कोयल बांध परियोजना पूरा होने के लिए आधी सदी का इंतजार करना पड़ा।


Suggested News