बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बिहिया कांड में पुलिस की किरकिरी के बाद जागे IG, स्पेशल कोर्ट के साथ पूरे प्रकरण में 3 FIR दर्ज

बिहिया कांड में पुलिस की किरकिरी के बाद जागे IG, स्पेशल कोर्ट के साथ पूरे प्रकरण में 3 FIR दर्ज

PATNA : भोजपुर के बिहिया में महिला को निर्वस्त्र और हंगामा करने के मामले को पुलिस के आलाधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। आईजी नैय्यर हसनैन खां ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जायेगी। पुलिस अपने स्तर से यथासंभव प्रयास करेगी कि इस मामले की सुनवाई स्पेशल कोर्ट में हो। दोषियों के खिलाफ सबूत जुटाया जायेगा ताकि उन्हें कड़ी-से-कड़ी सजा मिल सके।  

IG का सख्त रूख, नहीं बख्शे जायेंगे दोषी

आईजी ने बताया कि बिहिया कांड में कुल 15 लोगों को चिन्हित कर एफआईआर में नामजद अभियुक्त बनाया गया है। साथ ही कई अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। भोजपुर के एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गयी है। मृतक विमलेश कुमार के चाचा के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गयी है। 

17 गिरफ्तार, 300 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने व दुर्व्यवहार करने के मामले में 15 नामजद व 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।  इसके अलावा तीसरी एफआईआर उपद्रव, आगजनी व तोड़फोड़ करने के मामले में दर्ज की गयी है। इसमें 7 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है तथा 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

इस पूरे मामले में भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और शेष की गिरफ्तारी के लिए निरंतर छापेमारी की जा रही है। एसपी ने बताया कि जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेज दिया जायेगा।

महिला डांसर भेजी गयी अल्पावास गृह

इधर, बताया जा रहा है कि बिहिया में भीड़तंत्र की शिकार महिला डांसर को आरा अल्पावास गृह भेज दिया गया। 21 अगस्त, मंगलवार की देर रात ही उसे आरा स्थित अल्पावास गृह में पहुंचा दिया गया था। भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। इंटर के छात्र की हत्या के बाद बिहिया में जमकर बवाल मचा था। 

इस दौरान हत्या के आरोप में एक महादलित महिला डांसर की बेरहमी से पिटाई करने के बाद निर्वस्त्र कर बाजार में घुमाया गया था। भीड़ ने उसके घर में आग भी लगा दी थी। घटना के बाद से ही वो महिला पुलिस की सुरक्षा में बिहिया थाने के वायरलेस रूम में थी। इसे देखते हुए उसे अल्पावास गृह भेज दिया गया।

ये आरोपी भेजे गए जेल 

किशोरी यादव, विनोद कुमार केशरी उर्फ मढई, रंजीत कुमार, राजबली कुमार उर्फ बड़क, सत्य नारायण प्रसाद उर्फ रौशन राज, लखन कुमार, राजेश शर्मा, मुन्नी साह, मुमताज़ मंसूरी उर्फ ताज, शुभम शर्मा, अमित कुमार, सोनू कुमार, विक्की सिंह उर्फ दीपक कुमार, गौतम कुमार और सूरज कुमार उर्फ पप्पू कुमार।


Suggested News