बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बेगूसराय में महिला के शव के साथ लोगों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बेगूसराय में महिला के शव के साथ लोगों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

BEGUSARAI : शहर के सुभाष चौक पर महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए शव के साथ लोगों ने एनएच-31 जाम कर दिया. भीषण जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई.  छह घंटे तक जाम लगे रहने के कारण राहगीरों,वाहन चालकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा. चिलचिलाती धूप में लोग पैदल ही यात्रा करने को विवश दिखे. एक महिला को उसकी ससुराल में हत्या का आरोप लगा मृतका के परिजनों ने शव के साथ दोपहर करीब 12 बजे सुभाष चौक पर एनएच-31 जाम कर दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारी जमकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. जाम हटाने गए नगर थाने की पुलिस की प्रदर्शन कर रहे लोगों के आगे एक नहीं चली. बाद में एसडीओ संजीव कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. लेकिन लोगों ने उनकी भी एक नहीं सुनी. सड़क जाम कर रहे लोग एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे. दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ जाम शाम छह बजे जाकर समाप्त हुआ. तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली. 

लाठीचार्ज के बाद लोगों ने शुरू कर दी पत्थरबाजी


भीषण जाम को लेकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजबिन्दु प्रसाद, लोहियानगर ओपीध्यक्ष नीरज कुमार, लाखो ओपीध्यक्ष संतोष कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच जाम हटाने की कोशिश की. लेकिन लोग टस से मस नहीं हो रहे थे. जामस्थल पर कई महिलाएं भी मौजूद थी. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी के बीच कहा सुनी हो गई. इसके बाद पुलिस ने लाठी भांजना शुरू कर दिया. लोगों ने बताया कि पुलिस के लाठीचार्ज में कई लोग चोटिल हो गए. इसके बाद लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. देखते ही देखते घटनास्थल के पास भगदड़ मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगें. बाद में एसडीओ ने पहल कर मामला शांत कराया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला और बुजुर्ग की पिटाई कर दी. स्थिति तनावपूर्ण होते देख और पुलिस बल बुलाना पड़ा. बाद में एसडीओ ने एफआईआर करने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद जाकर जाम समाप्त हुआ. 

 ससुराल वालों पर महिला की हत्या का आरोप

मृतका के परिजनों ने बताया  कि नवादा जिले के कुलगांव निवासी उदय सिंह की 25 वर्षीय पुत्री मोनिका सिंह की की शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौला भीठ गांव निवासी बिपिन सिंह के पुत्र विपुल कुमार से कुछ महीनें पहले हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने पांच लाख रुपए की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. परिजनों ने आरोप लगाया कि रविवार को मोनिका की हत्या ससुराल पक्ष के लोगों ने कर दी. रिश्ते में मृतका के बहनोई रतनपुर निवासी नीरज कुमार ने कहा पुलिस में शिकायत की गई. लेकिन पुलिस ने उनलोगों की एक नहीं सुनी. 

बेगूसराय से कृष्णा की रिपोर्ट 

Suggested News