बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सम्राट अशोक पर थम नहीं रही राजनीति, अब भाजपा के सम्राट चौधरी का 'जदयू' को जवाब, भाजपा पर कीचड़ उछालेंगे तो वापस आप पर ही गिरेगा

सम्राट अशोक पर थम नहीं रही राजनीति, अब भाजपा के सम्राट चौधरी का 'जदयू' को जवाब, भाजपा पर कीचड़ उछालेंगे तो वापस आप पर ही गिरेगा

पटना. चक्रवर्ती सम्राट अशोक की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से करने वाले लेखक दया प्रकाश सिन्हा के खिलाफ बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने मामला दर्ज कराकर उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो सिन्हा के बहाने भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे थे. यह कहना है बिहार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी का. उन्होंने गुरुवार को कहा कि दया प्रकाश सिन्हा के बहाने बिहार के कुछ रजनीतिक लोग भाजपा पर कीचड़ उछाल रहे थे. अब दया प्रकाश के खिलाफ भाजपा ने मामला दर्ज कराकर यह बता दिया है कि बिहार में जो लोग भाजपा पर कीचड़ उछालेंगे वह कीचड़ वापस उन लोगों पर ही पड़ेगा और जब कीचड़ रहेगा तो कमल ही खिलेगा. 

सम्राट चौधरी ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि दया प्रकाश सिन्हा ने सम्राट अशोक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. भाजपा ने शुरू से ही उनकी इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई है. सम्राट ने कहा कि उन्होंने खुद इसके खिलाफ बयान जारी किया था और सम्राट अशोक को बिहार का गौरव बताया था. बावजूद इसके कुछ लोग बेवजह भाजपा के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे थे. अब भाजपा अध्यक्ष ने मामला दर्ज कराकर उन लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया है. 

दरअसल दया प्रकाश सिन्हा ने सम्राट अशोक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इसे लेकर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने राष्ट्रपति और प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी से सिन्हा से पद्म पुरस्कार वापस लेने की मांग की थी. बाद में जदयू नेता उपेन्द्र कुशवाहा, प्रवक्ता नीरज कुमार सहित कई अन्य नेताओं ने दया प्रकाश सिन्हा का संबंध भाजपा से होने की बात करते हुए बिना भाजपा का नाम लिए कई आरोप लगाये थे. पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी दया प्रकाश के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. बुधवार को भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने जदयू के नेताओं के खिलाफ परोक्ष रूप से तीखा हमला भी किया था. 

वहीं गुरुवार को जायसवाल ने सिन्हा पर फर्जी तरीके से भाजपा से सम्बद्ध होने का आरोप लगाकर और सम्राट अशोक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पटना के एक थाने में मामला दर्ज कराया है. इसके बाद सम्राट चौधरी ने अब बिना किसी का नाम लिए इशारों में जदयू और अन्य पर हमला बोला है. 

Suggested News