SARAN : जिले के मशरक थाना क्षेत्र के चांद कुदरिया गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी है। युवक मृत अवस्था में नहर किनारे पाया गया है। मृतक की पहचान चांद कुदरिया गांव निवासी मुमताज मियां के 20 वर्षीय पुत्र आफताब आलम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बीती रात किसी ने फोन कर उसे बुलाया था। जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। इसके बाद युवक सुबह तक घर नहीं लौटा।
सुबह गांव वालों से सूचना मिली कि नहर किनारे सीने में चाकू मारकर उसकी हत्या कर शव फेंक दिया गया है। मृत युवक के सीने में चाकू के गहरे जख्म के निशान हैं। हत्या का कारण मुख्य रूप से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। युवक की अभी शादी नहीं हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार वह पास के ही चिमनी पर काम करता था।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार के अनुसार शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। वहीँ मृतक के मोबाईल का सीडीआर निकाला जा रहा है। जबकि आगे की कार्रवाई के लिए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रकिया की जा रही है। उधर इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छपरा से संजय भारद्वाज की रिपोर्ट