बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पीएम मोदी पर जमकर बरसी प्रियंका, कहा-दुनियाभर के नेताओं से गले मिले पीएम, जिनलोगों ने संसद भेजा उसे गए भूल

पीएम मोदी पर जमकर बरसी प्रियंका, कहा-दुनियाभर के नेताओं से गले मिले पीएम, जिनलोगों ने संसद भेजा उसे गए भूल

NEWS4NATION DESK : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। चुनावी दौरे पर अयोध्या पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा कि 5 साल तक दुनियाभर के नेताओं के गले लगने वाले पीएम नरेंद्र मोदी के पास अपने लोगों से गले मिलने का समय नहीं रहा। पीएम मोदी अपने ही संसदीय क्षेत्र वाराणसी के गांवों में लोगों से मिलने नहीं गए।

उद्योगपतियों के लिए है बीजेपी सरकार 

प्रियंका ने वोटरों से कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार जनता विरोधी, किसान विरोधी और नौजवान विरोधी है। ये न तो काम करना चाहती है और न ही आपकी आवाज सुनना चाहती है। इस सरकार का दिल केवल उद्योगपतियों के लिए है। नौजवान अगर आवाज उठाते हैं तो उनको लाठियां खाने को मिलती हैं। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी के शासन में बेरोजगारों पर लाठियां बरसाई गईं। किसान कर्ज में डूबे हुए हैं और उनकी कोई मदद नहीं करता है।

अपनों के बीच कभी नहीं गए पीएम

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वो वाराणसी गई तो वहां लोगों से पूछा कि विकास हुआ है तो वहां के लोगों ने कहा कि केवल दिखावे का विकास हुआ है। पांच साल के कार्यकाल में पीएम मोदी वाराणसी के एक भी गांव में कभी नहीं गए। उनको दुनियाभर के नेताओं से गले लगते देखा लेकिन अपने ही संसदीय क्षेत्र के लोगों से गले मिलते नहीं देखा। मैंने खुद वाराणसी में खोजा कि कहीं विकास हुआ है, लेकिन नहीं मिला। पीएम को वाराणसी की जनता से किए गए अपने वादों पर जवाब देना चाहिए। 

मनरेगा योजना को बंद करना चाहती है एनडीए सरकार

प्रियंका ने एनडीए सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने मनरेगा शुरू किया जिसका बीजेपी ने विरोध किया। मनरेगा योजना गांव के लोगों को पसंद आई। आज मनरेगा के तहत काम करने वालों को छह-छह महीने तक पैसा नहीं मिलता है। मनरेगा के काम ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं। यह इस योजना को बंद करने के लिए किया जा रहा है।

नेता को आपसे होनी चाहिए घबराट

उन्होंने वोटरों से कहा कि मुझे आपसे शिकायत है। आपलोगों ने नेताओं को जनता की परवाह नहीं किये जाने की मंजूरी दी है। प्रियंका ने कहा कि नेता जब आपके पास आए तो उसे आपसे घबराहट होनी चाहिए। आज नेता जनता की परवाह नहीं करते। यह आपका देश है। जवानों, किसानों ने यह देश बनाया है। काम करने वालों को वोट देने का मन बनाइए। आप मन बनाइए कि ऐसी सरकार लाएंगे, जो आपकी सुने। आपकी समस्याओं का समाधान करे।

बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इनदिनों उत्तर-प्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं। पिछले कई दिनों से वे वाराणसी समते यूपी के कई जिलों का दौरा कर रही है। प्रियंका अपने इस चुनावी दौरे के गांव-गांव जाकर वोटरो से मिलने का काम कर रही है। इसी कड़ी में वे आज अयोध्या पहुंची है। जहां उन्होंने गांव में जाकर वोटरों से मुलाकात और उनके साथ बातचीत की है। वहीं कई नुक्कड सभाओं को भी संबोधित किया है। 

Suggested News