जन विश्वास महारैली में केंद्र सरकार पर जमकर बरसे राहुल गाँधी, कहा दो तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं प्रधानमंत्री
PATNA : पटना में गाँधी मैदान में आयोजित जन विश्वास महारैली में कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने कहा की देश में जब भी बदलाव आता है। उसका बिहार से तूफान शुरू होता है। बिहार से तूफान बाकी प्रदेशों में जाता है। उन्होंने कहा की आज देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ नफरत, हिंसा, अहंकार और दूसरी तरफ मोहब्बत, भाईचारा और एक दूसरे की इज्जत है। जैसा मैंने यात्रा में कहा की अगर आप गठबंधन को समझना चाहते हो तो एक लाइन में समझा जा सकता है। हम नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते हैं।
उन्होंने कहा की इस देश में नफरत क्यों फैल रही है। नफरत का सबसे बड़ा कारण देश में अन्याय है। प्रधानमंत्री दो तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं। उनका 16 लाख करोड़ रूपया प्रधानमंत्री ने 10 साल में माफ किया है। राहुल गाँधी ने पूछा की प्रधानमंत्री ने किसानों का कितना करोड़ कर्ज माफ किया है। मजदूरों का कितना कर्ज माफ किया है। इसलिए देश में नफरत फैल रही है। बेरोजगारी चरम पर है। केंद्र सरकार ने नोटबंदी लागू की जीएसटी लागू की। इससे जो लोग देश को रोजगार देते हैं। उनका काम बंद हो गया। बड़े-बड़े उद्योगपतियों की मोनोपोली बन गई है। सारे व्यापार एक उद्योगपति को मोदी ने पकड़ा दी है। सारे पोर्ट, एअरपोर्ट एक ही उद्योगपति को दे दिए गए हैं। आपके लिए देश में कुछ नहीं बचा है।
उन्होंने कहा की देश में अतिपिछडा, पिछड़ा, आदिवासी और दलित को मिला दे तो उनकी 73 फीसदी हिस्सेदारी है। लेकिन बड़े-बड़े पत्रकार की लिस्ट निकालिए। 73 फीसदी में से कोई नहीं है। बड़े बड़े अस्पतालों के मालिक में 73 फीसदी में कोई नहीं है। बड़े बड़े उद्योगपति में कोई नहीं है। राहुल गाँधी ने कहा की जैसे बिहार में तेजस्वी ने रोजगार दिया। छत्तीसगढ़ में हमने किया। कर्नाटक और तेलंगाना में कर रहे हैं। लेकिन मोदी ने सारे रास्ते बंद कर दिया। सेना में आप जाना चाहते थे। लेकिन सरकार ने अग्निवीर लागू कर दिया। अब सेना में दो तरह के शहीद होंगे। एक तरफ चीन पाकिस्तान के सैनिक सालों की ट्रेनिंग लेते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री 6 महीने की ट्रेनिंग के बाद उनके सामने खड़े करने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गाँधी ने कहा की बीजेपी के लोगों को गलतफहमी में नहीं होना चाहिए। हम लोग बीजेपी से नहीं डरते। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम देश के लिए लड़ते हैं। हम देश के लिए मरने के लिए तैयार हैं। बीजेपी आरएसएस को हटाकर भारत में सरकार बना कर दिखाएंगे।