नवादा के हरिश्चन्द्र स्टेडियम में सोया है रावण, चार बजे लाखों लोगों की मौजूदगी में होगा वध, प्रशासन की तैयारी पूरी

NAWADA : नवादा शहर के हरिशचंद्र स्टेडियम में रावण वध को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पुलिस पदाधिकारी व दंडाधिकारी की नियुक्ति की गई है। जहां सदर एसडीओ उमेश कुमार भारती व डीएसपी उपेंद्र प्रसाद के देखरेख में पूरी कार्यक्रम का रूपरेखा तैयार किया गया है। बता दें की रावण दहन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद आयोजकों के द्वारा जताई जा रही है। बता दें कि कोरोना संक्रमण को लेकर पिछले 2 वर्षों से प्रशासन ने इस कार्यक्रम पर रोक लगा दी थी।
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा का पूरा केंद्र बिंदु रावण वध माना जाता है। बुधवार शाम 4:00 बजे ऐतिहासिक हरिशचंद्र स्टेडियम में रावण वध का कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इंदिरा चौक चक्रवर्ती सम्राट अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया है कि राम, लक्ष्मण और सीता मैया की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा पूरे शहर में भ्रमण कर मैदान पहुंचेगी। यहां रावण को जलाया जाएगा और लंका दहन का कार्यक्रम होगा।
बता दें कि रावण का पुतला 60 फीट का बनाया गया है। वहीं मेघनाथ का 50 फीट का पुतला बनाया गया है। सुरक्षा को लेकर भीड़ प्रबंधन विधि व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। पूरे मैदान का बैरिकेडिंग किया गया है। जगह-जगह पर वाॅच टावर बनाए गए हैं। मैदान को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है।
राजद के प्रदेश महामंत्री विनोद यादव के द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। बताया जा रहा है की 20 हजार का पटाखा रावण के पुरे शरीर में फिट किया गया है। अभी रावण सोया है। उठते ही जिला प्रशासन अलर्ट हो जाएगा और फिर सोए हुए रावण पर राम का तीर चलते ही बुराई पर अच्छाई की जीत होगी।
नवादा से अमन सिन्हा की रिपोर्ट