बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पूरे देश में राजगीर बनाएगा रिकॉर्ड - भारत में पहली बार स्पोर्ट्स एकेडमी के साथ बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम

पूरे देश में राजगीर बनाएगा रिकॉर्ड - भारत में पहली बार स्पोर्ट्स एकेडमी के साथ बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम

NALANDA : राजगीर एक नया रिकॉर्ड बनाने वाला है। देश में कोई ऐसी जगह नहीं है जहां स्पोर्ट्स एकेडमी और इंटनेशनल स्टेडियम एक साथ हों। लेकिन राजगीर में यह सपना साकार होने वाला है। राजगीर में 700 करोड़ की लागत से एक खेल अकादमी और अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम बनेगा जो 90 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को इस योजना का शिलान्यास किया।

 सीएम ने कहा- खेल से राजगीर का प्राचीन संबंध

राजगीर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों की जमीन है। यहां कई बड़ी योजनाओं को जमीन पर उतारने के बाद अब उन्होंने खेल अकादमी और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने की शुरुआत की। यहां के अंतर्राष्ट्रीय कन्वेन्शन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि उन्होंने इसके निर्माण के लिए राजगीर का चयन क्यों किया। सीएम ने कहा कि महाभारत काल में यहां जरासंध का अखाड़ा था। प्राचीन भारत में कुश्ती ही सबसे अधिक सम्मानित और लोकप्रिय खेल था। जब सबसे आधुनिक खेल एकेडमी और स्टेडियम बनाने की बात आयी तो राजगीर से बेहतर कोई दूसरी जगह नहीं हो सकती थी। राजगीर –छबिलापुर मार्ग पर 90 एकड़ के रकबे में यह एकेडमी और स्टेडियम बनेगा। दो साल के अंदर निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां चयनित सभी खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और संबंधित विशेषज्ञों लिए आवासीय सुविधा रहेगी। सीएम ने कहा कि यहां बनने वाला स्टेडियम अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं से लैस होगा। 

28 खेलों का स्पोर्ट्स कम्प्लेक्स बनेगा

राजगीर में स्पोर्ट्स एकेडमी और इंटरनेशल स्टेडियम के अलावा यहां 28 खेलों का स्पोर्ट्स कम्प्लेक्स भी बनेगा। यहां सभी निर्माण विश्वस्तर के होंगे। इस कैंपस में रिसर्च सेंटर, फिटनेस सेंटर, मोटिवेशन सेंटर, स्पोर्ट्स लाइब्रेरी, स्विमंग पुल, कैफेटेरिया, हॉस्टल भी बनेंगे। इसी के पास फिल्म सिटी, आईटी सिटी, अंतर्राष्ट्रीय वाद-विवाद केन्द्र भी बनाया जाना है। इसके लिए भी बाउंड्री का काम तेजी से चल रहा है। सभी योजनाओं को मिलाकर पांच किलोमीटर क्षेत्र में बाउंड्री बनायी जानी है जिसे 16 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने भी अपने विचार रखे।

नालंदा से प्रणय राज की रिपोर्ट

Suggested News