ढोल नगाड़े के साथ नाचते-गाते पटना के गांधी मैदान पहुंच रहे हैं राजद विधायक और कार्यकर्ता, राबडी आवास पर लोक कलाकारों ने बांधा समां, सड़कों पर उमड़ा भारी जनसैलाब

ढोल नगाड़े के साथ नाचते-गाते पटना के गांधी मैदान पहुंच रहे ह

PATNA: 2024 में दिल्ली से मोदी को उखाड़ फेंकना है और 2025 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। इस प्रतिज्ञा के साथ आज लाखों राजद कार्यकर्ता पटना की सड़कों पर उतरे हैं। ढोल नगाड़े के साथ लोक कलाकार राबड़ी आवास पहुंचे है। जहां लालू परिवार के मौजूदगी में लोक कलाकार पंपरागत लोकनृत्य करते नजर आए। वहीं इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं में जमकर उत्साह देखने को मिला। राजद विधायकों का कहना है कि वह इस बार केंद्र की मोदी सरकार को उखाड़ फेकेंगे। साथ ही 2025 में बिहार में तेजस्वी यादव की ताजपोशी करेंगे। 

दरअसल, आज गांधी मैदान में महागठबंधन की जनविश्वास महारैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव, दीपांकर भट्टाचार्य समेत महागठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे। रैली में महागठबंधन के नेता बीजेपी, पीएम मोदी, नीतीश कुमार समेत एनडीए कुनबे के खिलाफ जनमत तैयार करने की भरपूर कोशिश करेंगे। राजद प्रमुख इस रैली में जनता को संबोधित करेंगे। 

वहीं बीते दिन से ही पटना में राजद समर्थकों का जमावड़ा होने लगा है। वहीं आज राजधानी की सड़कों पर जिधर देखो उधर राजद कार्यकर्ता ही नजर आ रहे हैं। राजद कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ गांधी मैदान पहुंच रहे हैं। वहीं फिलहाल 10 सर्कुलर राबड़ी आवास के बाहर लोक कलाकारों के द्वारा लोक नृत्य की प्रस्तुति की जा रही है। मौके पर राजद सुप्रीमो लालू यादव, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और उनका पूरा परिवार मौजूद है। 

मालूम हो कि, पटना के गांधी मैदान में होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बिहार के सभी जिलों में जनविश्वास यात्रा भी किया है। इस दौरान उन्होंने करीब 3500 किलोमीटर से अधिक यात्रा की। यात्रा दो चरणों में हुआ। वहीं बीते दिन राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी जनता से भारी संख्या में रैली में पहुंचने के लिए अपील की है। वहीं आज महागठबंधन की महारैली को लेकर बिहार की सियासत में भूचाल आया हुआ है।  

पटना से रंजन की रिपोर्ट