सीएम नीतीश के लिए फिर से राजद की दरियादिली, मनोज झा का बड़ा बयान - लालू यादव का दिल बहुत विशाल

सीएम नीतीश के लिए फिर से राजद की दरियादिली, मनोज झा का बड़ा ब

पटना. लालू यादव के बाद राजद के अन्य नेताओं द्वारा बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर लगातार सॉफ्ट रुख दिखाया जा रहा है. नीतीश कुमार के लिए राजद का दरवाजा खुला होने की लालू यादव की टिप्पणी के बाद शनिवार को लालू के खास मनोज झा ने उसी अंदाज में बातें की. लालू यादव का दिल बहुत बड़ा बताते हुए मनोज झा ने नीतीश कुमार पर तंज कसा. 

राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि लालू यादव का दिल बहुत विशाल है. कभी न कभी तो हमारे ही कारवां का हिस्सा थे नीतीश जी. हम लोगों ने सपोर्ट किया था. लेकिन उन्होने बाद में क्या किया. बिना बताए, बिना वजह... अब इधर मन नहीं लग रहा. अब उधर जाएंगे. मन लगने वाली राजनीति में उन्होने जो एक शैली विकसित की है. जिसके सूत्रधार भी वही हैं और कर्णधार भी वही हैं.

दरअसल, लालू यादव ने एक दिन पहले अपने एक बयान से सबको चौंका दिया था. उनसे नीतीश कुमार के फिर से राजद के साथ आने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि अब आएंगे तो देखेंगे. हमारा तो खुला ही रहता है दरवाजा. साथ ही ये भी कहा कहा था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि नीतीश कुमार ऐसा काम करेंगे. अब उनकी इस टिप्पणी के एक दिन बाद मनोज झा ने नीतीश कुमार की मन लगने वाली राजनीतिक शैली पर कटाक्ष किया है. 

पिछले महीने 28 जनवरी को नीतीश कुमार ने अचानक से सत्ता परिवर्तन का खेल खेला और एनडीए के हो लिए. उन्होंने उसी दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. साथ ही 12 फरवरी को विधानसभा में विश्वास मत भी हासिल कर लिया. इन सबके बीच 15 फरवरी को विधानसभा में अचानक से लालू यादव से हुई नीतीश कुमार की मुलाकात में उन्होंने गर्मजोशी से मुलाकात की. उसके अगले दिन लालू यादव ने नीतीश के लिए दरवाजा खुला रहने की बात की और अब मनोज झा ने इसे लालू यादव के विशाल दिल का सूचक बता दिया.