बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

नालंदा में हादसों का दिन साबित हुआ शनिवार, अलग अलग घटनाओं में महिला सहित 6 की गयी जान

नालंदा में हादसों का दिन साबित हुआ शनिवार, अलग अलग घटनाओं में महिला सहित 6 की गयी जान

NALANDA : जिले में शनिवार हादसों का दिन साबित हुआ। जहां विभिन्न हादसों में किशोर समेत आधा दर्जन लोगों की जान चली गयी। मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर चंडी और सारे में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बवाल काटा। कतरीसराय थाना इलाके के कटौना गांव में शनिवार को जानवर को मारने के लिए बिछाए बिजली तार में फंसकर करंट से एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि, दूसरा बालक जख्मी हो गया। मृतक हीरो यादव का 12 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार है। जख्मी अनिल यादव के 11 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार इलाजरत है। सूचना के बाद गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। दोनों बच्चे खंधा में भैंस चरा रहे थे। सुबोध महतो के खेत में खीरा-ककड़ी लगा था। दोनों बच्चा खीरा तोड़ने के लिए गए। जहां खेत के चारों ओर बिछाए बिजली तार के संपर्क में आ गए। जिससे एक बच्चे की मौके पर मौत हो गई। वहीँ सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के पास शनिवार को अज्ञात वाहन से कुचलकर छात्र की मौत हो गयी। मृतक अलीनगर निवासी अखिलेश यादव का आठ वर्षीय इकलौता पुत्र अंकुश कुमार बताया जा रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिहारशरीफ-बरबीघा मार्ग को करीब आधा घंटा तक जाम कर दिया। परिजनों ने बताया कि बच्चा बरबीघा से ट्यूशन पढ़कर अपने गांव वापस लौट रहा था। उसी दौरान किसी वाहन ने उसे धक्का मार दिया। राहगीर ने सड़क पर गिरे बच्चे को देखकर पुलिस को सूचना दी। तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर गांव के लोग सड़क पर जमा होकर रोने लगे। सड़क भी जाम कर दी। 

वहीँ रहुई थाना क्षेत्र के दुलचंदपुर गांव के पास शुक्रवार की शाम पंचाने नदी में डूबने से बुजुर्ग की मौत हो गयी। मृतक 57 वर्षीय योगेन्द्र प्रसाद हैं। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह शाम को नदी की तरफ निकले थे। तब से वापस नहीं लौटे। शनिवार की सुबह नदी से उनकी लाश बरामद की गयी। परिजन हाथ-मुंह धोने के दौरान फिसलकर नदी में गिरने का अंदेशा जता रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। उधर राजगीर थाना क्षेत्र के छबिलापुर-राजगीर स्टेट हाइवे पर डाक बाबा के पास सड़क किनारे खड़ी महिला व उसके बेटे को गिट्टी छड़ लदे बेलगाम ट्रैक्टर ने रौंद डाला। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान छबिलापुर थाना क्षेत्र के घासी बिगहा निवासी मल्लु दास की 40 वर्षीय पत्नी रीता देवी के रूप में की गयी। जख्मी विक्की का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।

उधर चंडी थाना क्षेत्र के माधोपुर बाजार के पास एनएच 431 पर शनिवार को ट्रक से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान सिंदुआरा गांव निवासी बालेश्वर राम के पुत्र ज्ञानचंद राम के रूप में की गयी है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। परिजनों ने बताया कि युवक चंडी से अपने गांव सिंदुआरा जा रहा था। माधोपुर बाजार के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो के झटके से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। उसी समय पीछे से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। जबकि थरथरी थाना क्षेत्र के अतबलचक गांव में करंट से युवक की मौत हो गई। मृतक राजेंद्र यादव का 24 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार बताया जा रहा है। परिवार ने बताया कि युवक भैंस चरा रहा था। उसी दौरान पूर्व से गिरे बिजली तार के सम्पर्क में आकर उसकी जान चली गई।

नालंदा से राज की रिपोर्ट

Suggested News