सूबे में कंपाने वाली ठंड शुरू,तीन दिन में 6 डिग्री पारा लुढ़का, शीतलहर की आशंका के बीच अलर्ट

सूबे में कंपाने वाली ठंड शुरू,तीन दिन में 6 डिग्री पारा लुढ़

PATNA- बिहार में कंपकंपी छुड़ाने वाली ठंड शुरू हो गई है। राज्य के 9 शहरों का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के भीतर ठंड में और बढ़ोतरी के आसार जताए हैं। इस दौरान पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे दिन-रात के बीच तापमान के अंदर में कमी आएगी। आपदा प्रबंधन विभाग ने शीतलहर की आशंका के बीच अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, बिहार में वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार को भी पटना में सर्वाधिक प्रदूषण दर्ज किया गया, यहां एक्यूआई 400 के ऊपर बना हुआ है। सात अन्य शहरों की हवा भी खराब श्रेणी में है।

बिहार के अधिकतर जिलों में पछुआ का प्रवाह बढ़ने से दिन में भी कनकनी का एहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी। सुबह कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने और पछुआ का प्रवाह बढ़ने के कारण ठंड बढ़ेगी। बीते 24 घंटे के भीतर पटना का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट आई और पारा 25.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मंगलवार को राज्य का सबसे ठंडा शहर 8 डिग्री सेल्सियस के साथ समस्तीपुर का पूसा और भागलपुर का सबौर रहा। प्रदेश के 9 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। गोपालगंज में 8.2, मोतिहारी 9, पुपरी 9.8, औरंगाबाद 9.9, गया 8.8, पूसा 8, जमुई 8.9, बांका 8.1 और सबौर में 8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

बिहार में ठंड में तेजी से बढ़ोतरी के बाद जल्द ही शीतलहर चलने की आशंका जताई जा रही है। संभावित शीतलहर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों को अलर्ट कर दिया है। अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी डीएम को तैयारी करने का दिशा-निर्देश दिया है। अस्पताल परिसर, टमटम पड़ाव, चौराहा, रैन बसेरा, बस स्टेशन आदि में अलाव की व्यवस्था करनी होगी।

वहीं, पटना जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर बच्चों, बुजुर्ग और महिलाओं को सेहत पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। डीएम ने अधिकारियों को अलाव की तैयारी करने को कहा है। लोगों से घर के अंदर रहने, ठंडी हवा और बारिश से बचने की सलाह दी है।