ब्रांडेड के नाम पर लोगों को नकली चप्पल पहना रहे हैं दुकानदार, दो दुकानों में मिले पांच लाख के नकली हवाई चप्पल

NALANDA : लहेरी थाना पुलिस ने रामचंद्रपुर में छापेमारी कर रिलैक्सो कंपनी के नकली चप्पल बिक्री का खुलासा किया। दो दुकान से करीब पांच लाख का नकली उत्पाद के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में इंडिया फुटवेयर के संचालक फिरदौस और वसीम एण्ड ब्रदर्स के संचालक मो. वसीम शामिल हैं। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि कंपनी अधिकारियों की सूचना पर कार्रवाई की गई। नकली उत्पाद के साथ दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है। 

एसएम हुसैन आईपीआर प्रोटेक्शन एजेंसी के अधिकारी सैय्यद मस्कुर हुसैन ने बताया कि जिले में रिलैक्सों कंपनी के नकली उत्पाद बिक्री की लगातार शिकायत मिल रही थी। जांच में पता चला कि कई दुकानों में नकली चप्पल की बिक्री हो रही है। सूचना के बाद लहेरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर, करीब पांच लाख के नकली चप्पल बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। 

धंधेबाजों में हड़कंप

इन दिनों पुलिस लगातार मल्टीनेशनल कंपनियों के नकली उत्पाद बिक्री व निर्माण का खुलासा कर रही है। जिससे धंधेबाजों में हड़कंप मचा है। पूर्व में सोहसराय पुलिस ने बड़ी कंपनियों के नकली उत्पाद निर्माण का खुलासा किया था। लहेरी पुलिस ने भी नकली जिंस-शर्ट बेचने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा। धंधेबाज ब्रांडेड कंपनियों के दाम पर ग्राहकों को नकली उत्पाद दे रहे हैं।