सत्ता का संग्राम: बिहार के नवादा में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होगा मतदान, जानें लोकसभा सीट से जुड़ी अहम जानकारी

सत्ता का संग्राम: बिहार के नवादा में लोकसभा चुनाव के पहले चर

NAWADA: नवादा लोकसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। नवादा लोकसभा सीट पर चुनाव पहले ही चरण में यानी 19 अप्रैल को होगा। 22 लाख 67 हजार 604 मतदाता 2043 केंद्रों पर अपना वोट डाल सकेंगे। इनमें पुरुष मतदाता 11,80,395 और महिला मतदाता 10,87,058 हैं। वहीं थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या कुल 151 है। इस बार 45 फीसदी से अधिक युवा मतदाता वोट डालेंगे। 20 से 29 साल के युवाओं की भूमिका चुनाव में महत्वपूर्ण रहेगी। इन आयु के कुल मतदाता 3,45,192 हैं, जो चुनाव में वोट डालेंगे। इसके बाद 30 से 39 वर्ष के युवाओं की संख्या 25.35 प्रतिशत हैं।

एनडीए के 2, महागठबंधन के 4 विधायक 

नवादा लोकसभा क्षेत्र में कुल छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें रजौली, हिसुआ, नवादा, गोविन्दपुर, वारिसलीगंज और शेखपुरा जिले का बरबीघा विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इन छह विधानसभा में नवादा, रजौली और गोविंदपुर में राजद, हिसुआ में कांग्रेस, वारिसलीगंज में भाजपा और बरबीघा में जदयू के विधायक हैं। यानी एनडीए के पास दो विधायक और महागठबंधन के पास चार विधायक हैं। नवादा से विभा देवी, रजौली प्रकाशवीर और गोविंदपुर से मो. कामरान, हिसुआ से नीतू कुमारी, वारिसलीगंज से अरुणा देवी और बरबीघा से सुदर्शन कुमार विधायक हैं। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवार लोजपा (अब रालोजपा) के चंदन सिंह ने जीत का परचम लहराया था। उन्होंने राजद की विभा देवी को करारी शिकस्त दी थी।

गया पूर्वी संसदीय सीट का हिस्सा था नवादा 

1952 और 1957 में हुए चुनाव में नवादा गया पूर्वी संसदीय सीट का हिस्सा था। 1952 में ब्रजेश्वर प्रसाद, कांग्रेस (गया-पूर्व-एससी के रूप में) और रामधनी दास, कांग्रेस (गया-पूर्व-एससी) सांसद बने। 1957 में जिले के हिसुआ प्रखंड स्थित मंझवे निवासी सत्यभामा देवी और रामधनी दास संयुक्त रूप से सांसद निर्वाचित हुए। 1957 में नये परिसीमन के तहत संसदीय क्षेत्र संख्या- 34 के रूप में नवादा लोकसभा क्षेत्र का गठन हुआ। 1962 में यह बदल कर संसदीय क्षेत्र संख्या- 42 (सुरक्षित) हो गया।

Nsmch
NIHER

18,215 युवा मतदाताओं के जुड़े नाम

डीएम ने बताया कि 15 मार्च तक नवादा जिले में 18 से 19 वर्ष के 18215 नए वोटरों के नाम जोड़े गए हैं। वहीं 20 से 29 वर्ष के 3 लाख 45 हजार 192 वोटर हैं। मतदाता सूची के अनुसार जिले का लिंगानुपात 923 है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि चुनाव में युवा मतदाता बढ़-चढ़कर भाग लें और मताधिकार का प्रयोग करें। डीएम ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर 253 सेक्टर पदाधिकारी बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार लोकसभा चुनाव में सेक्टर पदाधिकारियों की भूमिका अहम रहने वाली है। पीठासीन पदाधिकारी के साथ सेक्टर पदाधिकारी काम करेंगे। उन्होंने बताया कि रजौली विधानसभा में 45, हिसुआ में 46, नवादा में 43, गोविंदपुर में 40, वारिसलीगंज में 48 और बरबीघा में 31 सेक्टर पदाधिकारी बनाए गए हैं। यह पूरी प्रभावकारी टीम होगी।

नवादा से अमन की रिपोर्ट