EXCLUSIVE : प्रशांत किशोर को सुधाकर सिंह की खुली चुनौती- हिम्मत है तो रामगढ़ से खुद लड़ें उपचुनाव, सांसद रहते बनूंगा उम्मीदवार और जमानत जब्त करा दूंगा

EXCLUSIVE : प्रशांत किशोर को सुधाकर सिंह की खुली चुनौती- हिम

NEW DELHI : रामगढ़ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी में सभी पार्टियां जुट गई है। एनडीए और महागठबंधन के अलावा अब प्रशांत किशोर ने भी ऐलान किया है कि जन सुराज २ अक्टूबर को राजनीतिक दल बनने के बाद अपना पहला चुनाव रामगढ़ उपचुनाव के रुप में लड़ेगी। जन सुराज के इस ऐलान के बाद बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने प्रशांत किशोर को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वो रामगढ़ से खुद उपचुनाव लड़ेंगे तो मैं सांसद रहते राजद का उम्मीदवार बनूंगा। किसी दूसरे प्रत्याशी को लड़वाने से उनके पार्टी की जमानत भी नहीं बचेगा।

उन्होंने कहा कि मुझे अच्छा लगा कि प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के चुनावी राजनीति की शुरुआत रामगढ़ से कर रहे हैं। वो अब तक देश भर में घूम-घूमकर राजनीतिक दलों को सलाह दिया करते थे कि चुनाव कैसे लड़ा और जीता जाता है। अब वो उसी पैसे से चुनावी राजनीति में आ रहे हैं तो अच्छी बात है। वो यहां से कुछ सीखकर ही जाएंगे कि चुनाव लड़वाने और चुनाव लड़ने में कितना फर्क होता है।

उन्होंने आगे कहा कि रामगढ़ समाजवादियों का गढ़ रहा है। उस गढ़ को ना कांग्रेस तोड़ पाई और ना ही आज भाजपा तोड़ पा रही है। जातीय जनगणना को लेकर प्रशांत किशोर के बयान पर सुधाकर सिंह ने कहा कि ये इतने समय से कर क्या रहे थे? वो कहते हैं कि हमने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार दोनों को बनाया है। जातीय जनगणना देश के लिए कैसे फायदेमंद यह प्रशांत किशोर के समझ से बाहर है। देखिए प्रचारक नीति तय नहीं कर सकता है। नीतीश कुमार के साथ रहकर प्रशांत किशोर ने कई नीति बनाई लेकिन एक सफल नहीं हो पाया।

उन्होंने आगे कहा कि जन सुराज के पास कोई नीति और नियत नहीं है। उनके पास केवल भ्रष्ट रिटायर्ड अधिकारियों का जमावड़ा है और चंद उद्योगपति उनके साथ खड़े हैं। बिहार की जनता इस चीज को अच्छे से समझ रही है। 

जन सुराज के विधानसभा चुनाव में कम से कम 40 मुस्लिम उम्मीदवार को चुनाव लड़वाने के बयान पर सुधाकर सिंह ने पूछा - प्रशांत किशोर पहले ये बताएं कि वो अपनी जाति के कितने लोगों को चुनाव लड़ाएंगे? मुसलमान वर्ग अपने फैसले लेने में खुद सक्षम है, आजादी के लड़ाई में इस वर्ग का बड़ा योगदान रहा है। वो किसी के बहकावे में नहीं आएंगे। 

तेजस्वी यादव के आभार यात्रा को लेकर प्रशांत किशोर के तंज पर सुधाकर सिंह ने कहा कि समय-समय पर तेजस्वी यादव पद यात्रा, साइकिल यात्रा और बस यात्रा भी करते हैं। वो हमेशा जनता के बीच रहने वाले नेता हैं।

REPORT - DHIRAJ SINGH