बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमला, पिता को जीत दिलाने के लिए अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावत को तैयार सांसद संघमित्रा

स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमला, पिता को जीत दिलाने के लिए अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावत को तैयार सांसद संघमित्रा

KUSHINAGAR : यूपी चुनाव अब अपने आखिरी पड़ाव पर है, लेकिन सपा और भाजपा के बीच जंग कम होता नजर नहीं आ रहा है। यूपी के कुशीनगर में दोनों पार्टियों में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव चाफ के टोला खलवा पट्टी में भाजपा व सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जमकर ईंट-पत्थर चले जिसमें 10 से अधिक घायल हुए हैं और 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।  

इस दौरान भाजपा को छोड़ सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी वहां पहुंच गए और भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए तमकुही-पडरौना मार्ग पर धरना पर बैठ गए। मामला यहीं पर थमता हुआ नजर नहीं आया। अपने पिता के समर्थन में भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य भी खुलकर सामने आ गईं और उन्होंने अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को गुंडा करार दिया। साथ ही अपने पिता को जिताने की अपील सार्वजनिक रूप से कर पार्टी से बगावत का सुर फूंक दिया। 

भाजपा ने अपने ही सांसद के खिलाफ दर्ज कराया मामला

इस मामले में भाजपा के दुदही मंडल अध्यक्ष दीपराज खरवार की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्या, अशोक मौर्या समेत 30 नामजद तथा सैकड़ों अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मारपीट, नकदी व चेन छीनने तथा एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा पंजीकृत किया। 

वहीं सपा के फाजिलनगर विधानसभाध्यक्ष हीरालाल यादव की तहरीर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपराज खरवार समेत 15 नामजद तथा सैकड़ों अज्ञात कार्यकर्ताअों के विरुद्ध मारपीट तथा नकदी व चेन छीनने का मुकदमा पंजीकृत हुआ है।

यह था पूरा मामला

खलवापट्टी में भाजपा कार्यकर्ता प्रचार-प्रसार कर रहे थे। इस दौरान रोड शो करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य का काफिला गांव में पहुंचा। अचानक ईंट-पत्थर चलने लगे। भगदड़ मच गई। विरोध में सपा प्रत्याशी मौर्य समर्थकों संग गांव के बाहर तमकुही-पडरौना मार्ग को जाम कर धरना शुरू कर दिए। 

संघमित्रा से पार्टी नाराज, हो सकती हैं बीजेपी से बाहर

मामले में कुशीनगर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र ने कहा कि पार्टी को पहले से ही इसकी सूचना थी कि भाजपा सांसद संघ मित्रा अपने पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। इसकी सूचना भी शीर्ष नेतृत्व को दे दी गई थी। पिता की हार देखकर वह उलूल जलूल बयान दे रही हैं। जिस तरह से अपने पिता के समर्थन में संघमित्रा ने वोट देने की अपील की है. उससे पार्टी नेतृत्व नाराज है। 

वहीं भाजपा पर हमला बोलने के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि संघमित्रा भाजपा छोड़ सकती हैं। सियासी चर्चाओं में इसके दो कारण बताए जा रहे हैं। पहला, वह भाजपा शीर्ष नेतृत्व द्वारा कार्रवाई से बचने के लिए ऐसा कर सकतीं, दूसरा पिता का खुलकर साथ देने के लिए। जल्द ही इस पर कुछ नया सुनने को मिल सकता है।


Suggested News