बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

तेजस्वी ने कांग्रेस को दिया भरोसा, भारत बंद में शामिल होगा पूरा महागठबंधन

तेजस्वी ने कांग्रेस को दिया भरोसा, भारत बंद में शामिल होगा पूरा महागठबंधन

PATNA :  सवर्णों को आरक्षण के सवाल ने राजनीतिक दलों को सांसत में डाल दिया है। तेजस्वी यादव भी आज इस सवाल को टाल गये। उन्होंने सवर्णों के आरक्षण की मांग का विरोध तो नहीं किया लेकिन यह जरूर कहा कि राजद गरीबों और दलितों के साथ है। तेजस्वी ने कहा कि 10 सितम्बर को भारत बंद के आयोजन में पूरा गठबंधन शामिल होगा।  

सवर्णों के आरक्षण की मांग पर क्या बोले तेजस्वी

सवर्ण समुदाय के आरक्षण की मांग पर तेजस्वी ने कुछ कहने से कन्नी काट ली। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ही पार्टी की नीति तय की जाएगी फिर कोई आधिकारिक बात कही जाएगी। वैसे हमारी पार्टी दलितों और गरीबों के साथ है। दलितों पर अन्याय के खिलाफ राजद हमेशा लड़ता रहेगा।

भारत बन्द में शामिल होगा पूरा महागठबंधन

कांग्रेस के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी, आज भारत बंद पर राजद का समर्थन हासिल करने के लिए तेजस्वी यादव से मिले थे। इसके बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि 10 सितम्बर को भारत बंद को सफल बनाने में महागठबंधन के सभी दल सहयोग करेंगे। कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ 10 सितम्बर को भारत बंद का आयोजन किया है। इस बंद को अन्य विपक्षी दलों ने समर्थन दिया है। तेजस्वी ने कहा कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आयी है महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल और डीजल के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मोदी सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा रही है। मोदी सरकार को हटाने के लिए 2019 में सभी विरोधी दलों को एकजुट होना पड़ेगा।

रविवार को सदाकत आश्रम में महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता

भारत बंद के जरिये विपक्ष, मोदी सरकार को अपनी ताकत दिखाना चाहता है। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया है। इसमें राजद, वाम दल, हम के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वाम दलों ने भी बंद को समर्थन दिया है। 10 सितम्बर को सुबह 9 बजे से अपराह्न 3   बजे तक बंद का आयोजन किया गया है। सभी पेट्रोल पंपों पर भी प्रदर्शन किया जाएगा और मांग की जाएगी कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए।

Suggested News