PATNA: किसानों के मुद्दे पर राजद की तरफ से आज मानव श्रृंखला आयोजित की गई है। तेजस्वी यादव की अगुवाई में पूरे बिहार में महागठबंधन के नेता-कार्यकर्ता कतारों में खड़े हुए और किसानों की आवाज को बुलंद किया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना के बुद्ध स्मृति पार्क के समीप मानव श्रृंखला बनाई। यहां पर कांग्रेस की तरफ से विधायक दल के नेता अजित शर्मा,राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह समेत अन्य नेता कतार में खड़े हुए।
सीएम नीतीश का राजद के मानव श्रृंखला पर तंज
ह्यूमन चेन में महागठबंधन के सहयोगी दल के नेता भी शिरकत कर रहे हैं। RJD के मानव श्रृंखला पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि चलिए अब तो ये लोग भी मानने लगे न मानव श्रृंखला का महत्व। महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर गांधी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद की मानव श्रृंखला पर तंज कसते हुए कहा कि अब ये लोग भी मानव श्रृंखला का महत्व समझने लगे न....। सबसे पहले हमलोगों ने मानव श्रृंखला की शुरूआत की। सबसे पहले हमलोगों ने शराबबंदी पर मानव श्रृंखला का दूसरी दफे दहेज प्रथा- बाल विवाह और तीसरी बार जल-जीवन-हरियाली को लेकर मानव श्रृंखला बनाई। सीएम नीतीश ने कहा कि सबसो मानव श्रृंखला बनाने का अधिकार है।...कोई बात नहीं है।
लाल किले पर हुए उपद्रव से सीएम नीतीश चिंतित
मुख्यमंत्री ने 26 जनवरी को लाल किले पर हुए उपद्रव की कड़ी निंदा की और कहा कि विरोध का ये तरीका उचित नहीं है। इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। मांग मनवाने का ये तरीका कतई उचित नहीं कहा जा सकता।