BHAGALPUR : जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के परशुरामपुर पंचायत स्थित बंगाली टोला के जब्दी बहियार में बुधवार की शाम को अज्ञात लोगों ने मोनू सिंह (उम्र 36 वर्ष) और अल्टेकर सिंह (उम्र18 वर्ष) को गोली मार दी। घटना उस वक्त हुई, जब दोनों अपने घर से थोड़ी दूरी पर ही अपने खेतों की बुआई करवा रहे थे।
घटना के बाद वहां ट्रैक्टर चला रहा चालक फरार हो गया। आसपास के लोग गोली की आवाज सुनकर घटनास्थल तक गए। तबतक दोनों की मौत हो चुकी थी। गोली लगने से दोनों लोगों के सर का चिथड़ा उड़ गया था। वहीँ गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोगों के पहुँचने से पहले हमलावर फरार हो चुके थे।
इसके बाद मुखिया पवन यादव व अन्य लोगों ने घटना की सूचना थाना को दी। जिसपर थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद दल बल घटनास्थल पर पहुंचे। इस बीच एसडीपीओ शिवानन्द सिंह भी शीपुर, बुधुचक, बाखरपुर, आदि थाना के अधिकारी व पुलिसकर्मी के साथ घटनास्थल पहुंचे।
उन्होंने बताया कि परिवारिक रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामले का अनुसंधान किया जा रहा है जाँच कर घटना में संलिप्त लोगो को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।
भागलपुर से बालमुकुन्द की रिपोर्ट