BIHAR NEWS : शादी से घर लौट रहे शख्स को बदमाशों ने मारी गोली, परिजनों में मचा कोहराम

GAYA : जिले के शेरघाटी के काजी मोहल्ला सोनार टोली के समीप शनिवार की संध्या लगभग 8 बजे मुख्य मार्ग में शादी समारोह से अपने डेरा लौट रहे एक व्यवसायी को गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उसके सीने में लगी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहम्मद तैयब अपनी 8 वर्षीय पुत्री के साथ बगल के शादी समारोह से वापस लौट रहा था। इसी बीच उसे गोली मारी गई। गोली बहुत नजदीक से मारी गई है।
प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों के अनुसार गोली की आवाज सुनाई नहीं दी। बल्कि मृतक के पुत्री द्वारा घर में जाकर अपने अब्बा के साथ छीन झपट करने एवं गोली मारने की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे स्वजनों के शोरगुल के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। तत्पश्चात घायल मोहम्मद तय्यब को घटनास्थल से उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी ले जाया गया। चिकित्सक साकेत कुमार ने बताया कि वाहन में ही देखने से स्पष्ट हो गया की गोली के घटना का शिकार व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसलिए उसका पंजीकरण तक नहीं किया गया है। स्वजनों ने अपनी संतुष्टि के लिए किसी अन्य अस्पताल में ले जाने की बात बता रहे थे।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि गोली से घायल व्यक्ति की मौत हो चुकी है। उसकी पहचान मोहम्मद तैयब उम्र लगभग 45 वर्ष हाल मुकाम काजी मोहल्ला बताया गया है। मृतक वास्तविक निवासी गया स्थित डेल्हा मुहल्ला का बताया जाता है।इधर स्वजनों ने बताया कि मृतक स्थानीय सुमाली मोहल्ला स्थित रूबी सिंगार स्टोर में स्टाफ के रूप में काम करता था। इसके अलावा कपड़े के कारोबार में पार्टनरशिप था। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट