बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पटना के आसरा होम से दो लड़की गायब, आलाधिकारियों ने साधी चुप्पी, सभी के मोबाइल स्वीच ऑफ

पटना के आसरा होम से दो लड़की गायब, आलाधिकारियों ने साधी चुप्पी, सभी के मोबाइल स्वीच ऑफ

PATNA : पटना का आसरा होम फिर से एक बार चर्चा में है। यहां से दो बच्चियों के गायब होने की खबर है। बता दें कि मनीषा दयाल और चिरन्तन के जेल जाने के बाद से आसरा होम समाज कल्याण विभाग की देखरेख में चलाया जा रहा है। 29 अगस्त, बुधवार की रात से दो लड़कियां गायब हो गयी हैं। फिलहाल इस संबंध में कोई अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। 

गुरुवार की सुबह से संदेहास्पद ढंग से गायब लड़कियों की खोज होने लगी लेकिन अभी तक वो नहीं मिली हैं। इस पूरे मामले में आलाधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। पटना के सभी बड़े अधिकारियों का मोबाइल स्वीच ऑफ आ रहा है। बता दें कि आसरा होम की सुरक्षा का जिम्मा राजीव नगर थाना को दिया गया है, जिसके बाद बिहार पुलिस के 4 और 2 होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई थी। 

यह सरासर लापरवाही दर्शाता है। अभी पुराने मामले में अनुसंधान ही चल रहा है और इधर, फिर दो लड़कियां गायब हो जाती हैं। इसका मतलब है कि न तो अधिकारी और न ही स्थानीय थाना इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। गायब लड़कियों के मामले में पटना पुलिस की बहुत बड़ी चूक मानी जा रही है।

गौरतलब है कि इसके पहले आसरा होम में दो महिलाओं की संदिग्ध मौत के मामले में जमकर बवाल हुआ था और पुलिस ने एनजीओ के संचालक चिरंतन कुमार और कोषाध्यक्ष मनीषा दयाल को गिरफ्तार कर लिया था। दो बार दोनों को रिमांड पर लेकर पुलिस ने पूछताछ की। पहली बार तीन दिन का रिमांड मिला था और दूसरी बार दो दिनों का। 

पुलिस ने काफी सारे सवाल किए, खासकर मनीषा दयाल के हाईप्रोफाइल कनेक्शन को खंगाला गया। मनीषा से नेताओं और अधिकारियों से संबंधों को लेकर भी सवाल पूछे गये थे। कई बड़े लोगों का नाम मनीषा दयाल से जोड़कर केस  की जांच चल रही है। इसी जांच-पड़ताल के बीच दो लड़कियों का गायब हो जाना अपने आप में चौंकानेवाला मामला है। आसरा होम का संचालन कैसे मिला और पैसे कहां-कहां खर्च किए, इस तरह के सवाल भी पूछे गये।   

दोनों महिलाओं को पटना मेडिकल कॉलेज (पीएमसीएच) ले जाया गया था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन का कहना है कि वहां लाने से पहले ही दोनों की मौत हो गई थी। शेल्टर होम जाने वाली एक संस्था की महिला कार्यकर्ता ने आरोप लगाया था कि यहां रखी गईं महिलाओं और लड़कियों को ठीक से नहीं रखा जाता। 

पटना से कुंदन की रिपोर्ट

Suggested News