बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बंगाल में ईडी के अधिकारियों पर जानलेवा हमले को लेकर ममता सरकार पर भाजपा के बाद कांग्रेस ने किया हमला, राज्यपाल ने भी दिखाई नाराजगी

बंगाल में ईडी के अधिकारियों पर जानलेवा हमले को लेकर ममता सरकार पर  भाजपा के बाद कांग्रेस ने किया हमला, राज्यपाल ने भी दिखाई नाराजगी

DESK :  बंगाल में राशन घोटाले में फंसे तृणमूल नेता व ब्लाक अध्यक्ष शाहजहां शेख के घर पर छापेमारी करने पहुंची ईडी की टीम पर बड़ी संख्या में उनके समर्थकों द्वारा किए गए जानलेवा हमले ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ा दी है। अब तक जहां भाजपा ही प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही थी। वहीं इंडी गठबंधन में टीएमसी की सहयोगी कांग्रेस ने भी अधिकारियों पर हमले को लेकर ममता सरकार पर बड़ा हमला बोला है। 

अधिकारियों की हो सकती है हत्या

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने इस हमले की निंदा की है। पत्रकारों के साथ बातचीत में अधीर ने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अधीर ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में ईडी अधिकारियों की हत्या भी हो सकती है। अधीर ने कहा, 'सत्तारुढ़ पार्टी के गुंडों ने ईडी के अधिकारियों पर हमला किया है। इससे पता चलता है कि बंगाल में कानून-व्यवस्था का हाल कितना बुरा है। ईडी अधिकारियों आज तो घायल हुए हैं। ईडी अधिकारियों की हत्या भी हो सकती है।'

भाजपा ने उठाए सवाल

ईडी पर हमले के बाद पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार का बयान आया है। मजूमदार ने कहा कि इन सभी के खिलाफ शिकायत और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि ईडी कार्रवाई करती रहेगी, यह बिल्कुल स्पष्ट है। भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में ईडी पर हमला यह दिखाता है कि रोहिंग्या राज्य में कानून-व्यवस्था के साथ क्या कर रहे हैं।

छापेमारी के दौरान ईडी की टीम पर हुए हमले पर पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि शाहजहां शेख संदेशखाली इलाके का डॉन है। वह टीएमसी नेता भी है। सिन्हा ने कहा कि शेख पर कई हत्या के मामले हैं और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती, क्योंकि वह एक टीएमसी नेता है। 

भाजपा नेता सुकांता मजूमदार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है और ईडी टीम पर हमला दिखाता है कि कानून का पालन करवाने के लिए काम कर रहे लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और वो खुद सुरक्षित नहीं है। इसके लिए घटना की जांच एनआईए द्वारा करवाई जानी चाहिए।

राज्यपाल ने ममता सरकार को दी चेतावनी

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस का भी घटना पर बयान आया। उन्होंने इसे भयानक घटना बताते हुए कहा कि यह चिंताजनक और निंदनीय है। राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र में बर्बरता को रोकना एक सभ्य सरकार का कर्तव्य है और यदि सरकार अपने मूल कर्तव्य में विफल रहती है, तो संविधान अपना रास्ता अपनाएगा।

यह है पूरी घटना

बता दें कि राशन घोटाले में शामिल टीएमसी नेता व ब्लाक अध्यक्ष शाहजहां शेख के उत्तर 24 परगना के संदेशखाली स्थित आवास पर आज ईडी की टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान टीएमसी नेता के लगभग 200 समर्थकों ने ईडी के अधिकारियों पर हमला बोल दिया। न सिर्फ उनके गाड़ियों के शीशे तोड़े गए,  बल्कि अधिकारियों के सिर भी फोड़ दिया और उनके मोबाइल छीनकर जबरन पासवर्ड पूछने लगे। इस दौरान अधिक भीड़ होने के कारण वहां मौजूद केंद्रीय बल भी उन्हें रोक नहीं सके। मजबूरत अधिकारियों को कार्रवाई अधूरी छोड़ भागने पर मजबूर होना पड़ा। 

Suggested News