बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

संगठन को मजबूत करने में जुटा जदयू, 6 मार्च से पार्टी के विधानसभा प्रभारियों का होगा दो दिवसीय प्रशिक्षण

संगठन को मजबूत करने में जुटा जदयू, 6 मार्च से पार्टी के विधानसभा प्रभारियों का होगा दो दिवसीय प्रशिक्षण

PATNA : आज बिहार प्रदेश जदयू मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं संगठन प्रभारियों की बैठक हुई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 एवं 7 मार्च 2021 को जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में प्रदेश द्वारा मनोनीत सभी 243 विधानसभा प्रभारियों का प्रशिक्षण होगा। बैठक के दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, परमहंस कुमार, कामाख्या नाराय़ण सिंह, अशोक कुमार बादल, आसिफ कमाल एवं मृत्युंजय कुमार सिंह मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने इस दौरान कहा कि कल संपन्न हुए जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी एवं मुख्य जिला प्रवक्ताओं के प्रशिक्षण में साथियों की रुचि एवं उत्साह को देख मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। इन तीन दिनों में जैसी सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। उससे इस विश्वास को बल मिलता है कि जदयू अपने विचार और व्यवहार में बाकी पार्टियों से भिन्न है और जदयू का हर समर्पित कार्यकर्ता नीतीश कुमार के संस्कार का वाहक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान साथियों की जितनी दिलचस्पी व्यावहारिक समाजवाद में थी, उतनी ही उत्सुकता उन्होंने सोशल मीडिया की बारीकियों को समझने में दिखाई। यह बात स्वागतयोग्य है। अपनी जड़ों से जुड़े रहना जितना जरूरी है, उतना ही बदलते समय की जरूरतों को समझना।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी एवं मुख्य जिला प्रवक्ताओं के तत्काल बाद विधानसभा प्रभारियों के प्रशिक्षण का निर्णय लिया गया है। आगे चलकर प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण भी होगा। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। 6 एवं 7 मार्च 2021 के प्रशिक्षण के लिए विषय एवं प्रशिक्षकों की जानकारी शीघ्र ही दी जाएगी। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 25 से 28 फरवरी 2021 तक वे संगठन की मजबूती एवं बिहार सरकार के विकास कार्यों पर चर्चा के लिए पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण एवं नालंदा के चार दिवसीय दौरे पर जाएंगे।

पटना से विवेकानंद की रिपोर्ट 

 


Suggested News