बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

शाहाबाद क्षेत्र के विधायकों और विधान पार्षदों की हुई बैठक, इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर चर्चा

शाहाबाद क्षेत्र के विधायकों और विधान पार्षदों की हुई बैठक, इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर चर्चा

PATNA : बिहार विधान परिषद हॉल में आज शाहाबाद क्षेत्र के विधायक एवं विधान पार्षदों की एक बैठक हुई. शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक अखिलेश कुमार के पहल पर यह बैठक सभापति अवधेश नारायण सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई. जिसमें शाहाबाद यानी भोजपुर, रोहतास, कैमूर तथा बक्सर जिले के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण मनोरम स्थानों के साथ ही ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक महत्व वाले स्थानों को केंद्र में रखकर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया गया. 

इस मौके पर सदस्यों ने कहा कि शाहाबाद की धरती राजा हरिश्चंद्र काल से लेकर आधुनिक काल के गौरवशाली इतिहास को समेटे है. यहां बिंद गिरी पर्वत श्रृंखला के कैमूर पहाड़ी पर मनोरम प्राकृतिक दृश्य के साथ रोहतासगढ़, शेरगढ़ किला, मांजर कुंड, करकटगढ़ झरना, भगवान राम को शस्त्र और शास्त्र दोनों का शिक्षा स्थल बक्सर, ताराचंडी धाम, मुंडेश्वरी धाम, भवानी धाम, आयरन देवी, ब्रह्मेश्वर स्थान, वीर कुंवर सिंह की जन्म भूमि जगदीशपुर, इंद्रपुरी जलाशय, दुर्गावती जलाशय, दरिया साहब का जन्मभूमि, शेरशाह सूरी का मकबरा जैसे धरोहर वाले स्थलों को जोड़कर पर्यटकों को आकर्षित किया जाए. वक्ताओं ने कहा कि शाहाबाद अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल वाराणसी, सारनाथ तथा बोधगया के बीच में स्थित है और यहां के प्राकृतिक बनावट काफी आकर्षक तथा ऐतिहासिक धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले हैं. इसलिए अपने मातृभूमि और कर्म भूमि को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की सामूहिक रूप से प्रयास किया जाना चाहिए. 

इस बैठक में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधान परिषद पर्यटन समिति के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, विधान परिषद के सदस्य संजीव श्याम सिंह, निवेदिता सिंह, रणविजय कुमार सिंह, विधायक अरुण सिंह, संजय तिवारी उर्फ़ मुन्ना तिवारी, विजय कुमार मंडल, अजीत सिंह ,सुधाकर सिंह, अनीता देवी, संतोष मिश्रा, मुरारी कुमार, संगीता कुमारी, भरत बिंद, राजेश गुप्ता, सुदामा प्रसाद ने शिरकत किया. आयोजन समिति के छोटेलाल सिंह, लव कुमार उर्फ धीरज सिंह वीरेंद्र प्रकाश आदि मौजूद थे.

पटना से विवेकानंद की रिपोर्ट 

Suggested News