PATNA : बिहार के मौसम के तापमान में कमी आती नहीं दिख रही है। पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री के करीब बना हुआ है। खासकर बिहार के दक्षिण बिहार के शहरों में तापमान ज्यादा बढ़ गया है। कुछ जगहों पर पारा 43 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग ने भी दक्षिण बिहार में अगले 24 घंटे मे लू चलने की बात कही है। साथ ही यहां येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी है।
43 डिग्री के करीब रहा बक्सर का तापमान
मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में प्रदेश के तापमान की जानकारी देते हुए बताया कि बक्सर में सबसे अधिक 42.9 डिग्री टेम्परेचर रिकॉर्ड किया गया। वहीं बात अगर पटना की करें तो यहां इस दौरान 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। वहीं दिन भर का न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया।
नौ शहरों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश की राजधानी समेतबक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका में लू का प्रभाव अधिक होगा। मौसमी विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में तापमान में अधिक वृद्धि का कारण राजस्थान से आ रही गर्म हवा है।
इन सबके विपरीत, उत्तर पूर्व जिलों में पुरवा का प्रवाह होने से मौसम सामान्य होने के साथ तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। इन इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार बताए जा रहे हैं। इस मौसम में सेहत के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है
शहर - तापमान
पटना - 41.2
गया - 41.7
जमुई - 41.1
बक्सर 42.9
बांका - 41.1
नवादा - 41.9
शेखपुरा - 42.8
डेहरी - 41.6
औरंगाबाद - 41.5
खगडिय़ा - 41.3