एक युवक से तीन बहनों ने रचाई शादी : पुलिस के सामने बोलीं- 'मर्जी से चुना पति, जमाने की परवाह नहीं'

एक युवक से तीन बहनों ने रचाई शादी : पुलिस के सामने बोलीं- 'म
एक युवक से तीन बहनों ने रचाई शादी- फोटो : सोशल मीडिया

N4N Desk : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक अनोखी और हैरान कर देने वाली शादी का मामला सामने आया है। यहां दो सगी और एक मौसेरी बहन ने बचपन के अपने जुड़ाव को बनाए रखने के लिए एक ही युवक को अपना जीवनसाथी चुन लिया। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। इस विवाह को लेकर जहां तीनों युवतियों को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है, वहीं हिंदूवादी संगठनों ने भी इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।


अलग होने के डर से लिया एक ही जीवनसाथी चुनने का फैसला

मामले में तीनों बहनों ने अपनी इस अनोखी शादी के पीछे की वजह का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वे बचपन से ही एक-दूसरे से बेहद लगाव रखती हैं और कभी अलग नहीं होना चाहती थीं। जब परिजनों ने सबसे बड़ी बहन के लिए रिश्ता तलाशना शुरू किया, तो उन्हें एक-दूसरे से बिछड़ने का डर सताने लगा। इसके बाद तीनों ने सर्वसम्मति से पड़ोसी गांव के एक फोटोग्राफर युवक को अपना पति चुनने का फैसला किया और बीते रविवार को नगर के एक मंदिर में धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह रचा लिया।


कोतवाली और CO दफ्तर पहुंचकर बहनों ने दिया दो टूक जवाब

विवाद बढ़ने के बाद गुरुवार को तीनों बहनें अपने पति के साथ कोतवाली पहुंचीं और प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी से मुलाकात की। इसके बाद वे क्षेत्राधिकारी (CO) पंकज त्यागी के कार्यालय भी गईं। अधिकारियों के सामने युवतियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे सभी बालिग हैं और अपने अच्छे-बुरे की समझ रखती हैं। उन्होंने अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुना है और अब जमाना इसे सही समझे या गलत, इससे उन पर कोई फर्क नहीं पड़ता। अपनी बात के पक्ष में उन्होंने सनातन धर्म के कई राजा-महाराजाओं के उदाहरण भी दिए।


परिजनों का कानूनी कार्रवाई से इनकार, पुलिस बैरंग लौटी

मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम पहले लड़कियों के गांव और फिर लड़के के गांव पहुंची तथा उनके परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से चारों घर नहीं लौटे हैं। जब पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से इस मामले में लिखित शिकायत या तहरीर देने को कहा, तो परिजनों ने साफ इनकार कर दिया। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि वे इस मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।


बालिग होने और शिकायत न मिलने पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

तीनों युवतियों के बालिग होने, उनकी आपसी रजामंदी और परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत न दिए जाने के कारण पुलिस ने फिलहाल इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिलती और कानून का उल्लंघन साबित नहीं होता, तब तक हस्तक्षेप की गुंजाइश नहीं है। हालांकि, यह अनोखी शादी पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।