मथुरा में आज से भाजपा का दो दिवसीय चिंतन शिविर, सीएम योगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रहेंगे मौजूद

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बाद अब सोमवार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की धमक मथुरा में सुनाई देगी। आज सोमवार से मथुरा के परखम में बीजेपी के दो दिवसीय चिंतन शिविर की शुरुआत होने जा रही है....

मथुरा में आज से भाजपा का दो दिवसीय चिंतन शिविर, सीएम योगी और

UP Politics : उत्तर प्रदेश के ब्रज क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बाद अब सोमवार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की धमक मथुरा में सुनाई देगी। मथुरा के परखम स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में भाजपा का दो दिवसीय उच्चस्तरीय चिंतन शिविर सोमवार से शुरू हो रहा है। इस महत्वपूर्ण शिविर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों दिन उपस्थित रहेंगे, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंगलवार को इस शिविर में शामिल होंगे।


मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित पार्टी के कई दिग्गज होंगे शामिल

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, सह प्रभारी जगदीश पटेल व मेघा कुलकर्णी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई प्रमुख नेता हिस्सा ले रहे हैं। शुरुआती सूची में 55 लोगों के शामिल होने की बात थी, जिसे संशोधित कर अब 53 तय किया गया है।


सोमवार दोपहर को पहुंचे सीएम योगी, बैठकों का दौर होगा शुरू

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर सवा दो बजे गोग्राम परखम स्थित शिविर स्थल पर पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही बैठकों का दौर शुरू होगा, जो शाम 5 से 6 बजे या उससे आगे तक चलेगा। शिविर में भाग लेने वाले सभी आमंत्रित नेताओं और पदाधिकारियों को दोपहर 1:00 बजे तक ही शिविर स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए है, ताकि बैठकों का संचालन समय पर शुरू हो सके।


मंगलवार को बरसाना जाकर संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देंगे मुख्यमंत्री

चिंतन शिविर के दूसरे दिन यानी मंगलवार को सुबह से ही बैठकें शुरू हो जाएंगी। बैठकों के समापन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:35 बजे परखम से हेलीकॉप्टर द्वारा बरसाना के लिए रवाना होंगे और माताजी गोशाला बरसाना में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे से 3:15 बजे तक वे मानमंदिर बरसाना पहुंचकर ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। अंत में दोपहर 3:25 बजे वे वहीं से हेलीकॉप्टर द्वारा खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।


प्रशासनिक तैयारियां पूरी, हाईवे पर खोला गया कट

रविवार को पूरे दिन प्रशासनिक अधिकारी चिंतन शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। गो ग्राम परखम आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में कोई असुविधा न हो, इसके लिए एनएचएआई की टीम ने दीनदयाल धाम होकर गोशाला जाने वाले मार्ग पर फतिहा गांव के पास बंद पड़े कट को दोबारा खोलने और दुरुस्त करने का काम किया, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।