यूपी में मुकेश सहनी का बड़ा एलान: 25 जुलाई से शुरू होगी "आरक्षण संकल्प यात्रा", मांग पूरी न होने पर 2027 में BJP को वोट नहीं

UP News : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व वीआईपी के संस्थापक मुकेश ने यूपी में बड़ा नारा दिया है। उन्होंन कहा है कि निषाद समाज को आरक्षण नही बीजेपी को वोट नही.....

यूपी में मुकेश सहनी का बड़ा एलान: 25 जुलाई से शुरू होगी "आरक
यूपी में मुकेश सहनी का बड़ा नारा- फोटो : देवांशु प्रभात

UP News : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान आज भदोही में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए निषाद समाज के आरक्षण और राजनीतिक अधिकारों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि निषाद समाज अब अपने हक और अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक हो चुका है। अपने हकों को हासिल करने के लिए पूरा समाज अब एकजुट होकर एक बड़े आंदोलन की राह पर आगे बढ़ेगा।


भीषण गर्मी में भी जुट रही भीड़, समाज में भारी जागरूकता

मुकेश सहनी ने बताया कि वे इन दिनों उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों का दौरा कर रहे हैं और गांवों में रात्रि विश्राम कर समाज के आम लोगों, युवाओं, बुद्धिजीवियों तथा पार्टी पदाधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूबे में पड़ रही भीषण गर्मी और 44 डिग्री के रिकॉर्ड तापमान के बावजूद कार्यक्रमों में उमड़ रही भारी भीड़ यह साफ दर्शाती है कि निषाद समाज के भीतर अपने अधिकारों को पाने की छटपटाहट है और वे अब किसी भी संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


25 जुलाई से गंगाजल लेकर संकल्प लेंगे निषाद

प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश सहनी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 25 जुलाई से बिहार और उत्तर प्रदेश में संयुक्त रूप से "आरक्षण संकल्प यात्रा" की शुरुआत की जाएगी। इस यात्रा के दौरान समाज की माताएं-बहनें, नौजवान और बुजुर्ग अपने हाथों में पवित्र गंगाजल लेकर यह कड़ा संकल्प लेंगे कि साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हर हाल में निषाद समाज को आरक्षण मिलना चाहिए।


बीजेपी को सहनी का अल्टीमेटम: 'आरक्षण नहीं तो वोट नहीं'

केंद्र और उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी दल पर सीधा निशाना साधते हुए वीआईपी प्रमुख ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार निषाद समाज की आरक्षण की इस पुरानी मांग को पूरा नहीं करती है, तो आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरा निषाद समाज एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मतदान करेगा और उन्हें सत्ता से बेदखल करने का काम करेगा।


डॉ. संजय निषाद पर साधा निशाना, कहा- समाज से किया समझौता

मुकेश सहनी ने निषाद विकास संघ और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कभी समाज को आरक्षण दिलाने का सपना दिखाया था और इसी समाज के संघर्ष की बदौलत आज वे खुद सत्ता के शीर्ष पर बैठे हैं। सहनी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद डॉ. संजय निषाद समाज को आरक्षण दिलाने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा साफ प्रतीत होता है कि उन्होंने मंत्री पद के चक्कर में समाज के मुख्य मुद्दों और स्वाभिमान से समझौता कर लिया है।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट