UP News : एक तरफ़ा इश्क में युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, 120 फीट ऊँचे टावर से लगाई छलांग, अस्पताल जाने के दौरान हुई मौत

UP News : एकतरफा प्यार में पागल एक युवक शादी की जिद को लेकर 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वहां से कूदकर अपनी जान दे दी.....पढ़िए आगे

UP News : एक तरफ़ा इश्क में युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, 1

UP DESK : कन्नौज के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के पुराभोज गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 24 वर्षीय सुमित नाम का युवक गांव के ही एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। एकतरफा प्यार में पागल युवक की जिद थी कि उसकी शादी उसकी एक रिश्तेदार युवती से कराई जाए। लगभग दो घंटे तक चले इस तनावपूर्ण ड्रामे के बाद, युवक ने टावर के शिखर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान चली गई।

शादी की जिद और मौत का ऐलान

मिली जानकारी के अनुसार, सुमित अपनी एक रिश्तेदार युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। हालांकि, युवती और उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। बताया जा रहा है कि 12 फरवरी को युवती की बारात आने वाली थी, जिसकी खबर मिलते ही सुमित अपना आपा खो बैठा। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जा पहुँचा और वहां से चिल्लाकर जान देने की धमकी देने लगा।

पुलिस और परिजनों की मिन्नतें रहीं नाकाम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने रोते-बिलखते सुमित से नीचे उतरने की गुहार लगाई, वहीं गुरसहायगंज पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर मोर्चा संभाला। पुलिस और गांव के बुजुर्गों ने लगभग दो घंटे तक युवक को बातों में उलझाए रखा और उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन सुमित पर जुनून इस कदर सवार था कि उसने किसी की एक न सुनी।

रूह कांप गई जब टावर से नीचे गिरा युवक

तनावपूर्ण स्थिति उस वक्त खौफनाक मंजर में बदल गई जब सुमित ने अचानक 120 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी। उसे नीचे गिरता देख लोगों की चीखें निकल गईं। गंभीर रूप से लहूलुहान सुमित को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

नशे की लत और उग्र व्यवहार की चर्चा

ग्रामीणों के अनुसार, सुमित अक्सर नशे की हालत में रहता था और उसका स्वभाव काफी उग्र था। वह पहले भी छोटे-मोटे विवादों को लेकर हंगामा करता रहता था। चर्चा है कि नशे की लत और प्यार में नाकामी के मेल ने उसे इतना कमजोर कर दिया कि उसने मौत को गले लगा लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।