वारंट का डर दिखाकर दरोगा ने बिकवा दिए महिला के गहने, एसपी ने दारोगा को किया सस्पेंड, सिपाही सहित 4 पर केस दर्ज

भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। जेवर बिकवाकर रिश्वत लेने के आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है, वहीं जमीन हड़पने के मामले में एक सिपाही सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

वारंट का डर दिखाकर दरोगा ने बिकवा दिए महिला के गहने, एसपी ने

N4N Desk - उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में कानून व्यवस्था को ताक पर रखने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसपी विनीत जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप में दर्जीकुआं के तत्कालीन चौकी प्रभारी सुनील कुमार पाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक वारंटी को जेल भेजने की धमकी देकर 15 हजार रुपये की रिश्वत वसूली थी। 

पत्नी के जेवर बेचकर दी रिश्वत

मामला देहात कोतवाली के दौलतपुर का है, जहाँ गुलाम हैदर नामक व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। आरोप है कि दरोगा सुनील कुमार पाल ने समन आने पर गुलाम हैदर से 15 हजार रुपये की मांग की। डरे हुए पीड़ित ने अपनी पत्नी के जेवर बेचकर रिश्वत की रकम का इंतजाम किया और चौकी इंचार्ज को पैसे दिए।

एंटी-करप्शन हेल्पलाइन से खुली पोल

रिश्वत देने के बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाई और आईजी अमित पाठक की भ्रष्टाचार निरोधी हेल्पलाइन पर मामले की शिकायत की। आईजी के निर्देश पर सीओ सदर ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसी आधार पर एसपी ने पहले दरोगा को लाइन हाजिर किया और अब विभागीय जांच शुरू करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।

दिव्यांग की जमीन हड़पने में सिपाही पर केस

पुलिसिया भ्रष्टाचार के साथ-साथ धोखाधड़ी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। भदोही में तैनात सिपाही दिनेश कुमार और उसके साथियों पर अचलापुर निवासी एक दिव्यांग बुजुर्ग की जमीन हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित निबई के अनुसार, आरोपियों ने दवा दिलाने और दिव्यांग पेंशन बनवाने के बहाने उन्हें कचहरी ले जाकर फर्जी दान पत्र पर अंगूठे लगवा लिए।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

इस मामले में सिपाही दिनेश कुमार, उसके भाई हजारी प्रसाद और दो गवाहों (श्याम और अखिलेश) के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने बताया कि कम दिखाई देने का फायदा उठाकर उसकी बेशकीमती जमीन हड़प ली गई। वर्तमान में पुलिस इन सभी मामलों की गहराई से जांच कर रही है और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।