Hamirpur bridge collapse: हमीरपुर के बेतवा नदी पर बन रहे पुल में हादसा, क 6 मजदूरों की मौत, 3 घायल
Hamirpur bridge collapse: हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं। SDRF और प्रशासन राहत कार्य में जुटा।
Hamirpur bridge collapse: UP हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे एक बड़े पुल का हिस्सा गुरुवार देर रात अचानक गिर गया। यह हादसा ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर परसनी से कुरारा के नैठी और कंडौर गांव के बीच बन रहे करीब एक किलोमीटर लंबे पुल पर हुआ। हादसे में मलबे में दबकर 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 मजदूर घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक यह घटना रात करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि पुल के जिस हिस्से का स्लैब गिरा, उसी जगह कई मजदूर रात में सो रहे थे। उसी दौरान तेज आंधी और बारिश भी हो रही थी। अचानक स्लैब गिरने से मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम जारी
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है, जबकि दूसरी टीम भी पहुंचने वाली है। मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम जारी है। पुलिस के अनुसार, तीन मजदूर पुल के पिलर के पास फंसे हुए हैं और घायल हैं। उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। यह पुल राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयास से मंजूर हुआ था। पुल का निर्माण उनके गांव मोराकांदर परसनी के पास कराया जा रहा था।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर
लोकेंद्र निषाद, उम्र 22 वर्ष, निवासी चिल्ला थाना, बांदा
कुलदीप निषाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी चिल्ला थाना, बांदा
सावंत यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी भूरागढ़, बांदा
सभाजीत, उम्र 30 वर्ष, निवासी भूरागढ़, बांदा
पुष्पेंद्र सिंह चौहान, उम्र 34 वर्ष, निवासी स्वासा खुर्द, थाना ललपुर, हमीरपुर
राजेश पाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी अचपुरा, थाना ललपुर, हमीरपुर
घायल मजदूर
अवधेश निषाद, निवासी भूरागढ़, बांदा
कल्लू यादव, निवासी भूरागढ़, बांदा
राजेश निषाद, निवासी नरैनी, बांदा
हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।