UP NEWS: भारत-पाक तनाव के बीच लखनऊ पुलिस अलर्ट, सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

UP NEWS: भारत-पाक तनाव के बीच लखनऊ पुलिस अलर्ट, सभी पुलिसकर्

लखनऊ: भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं, पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देश पर सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।


संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) ने आदेश जारी कर कहा कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सभी प्रकार के अवकाश निरस्त किए गए हैं। जो पुलिसकर्मी पहले से छुट्टी पर हैं, उन्हें भी तुरंत ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। केवल किसी आपात या विशेष परिस्थिति में ही संबंधित पुलिस उपायुक्त अवकाश स्वीकृत कर सकेंगे।


संवेदनशील इलाकों में बन रहे बंकर और चेकपोस्ट

सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए लखनऊ पुलिस शहर के संवेदनशील इलाकों, हाईवे और मुख्य मार्गों पर बेरिकेडिंग करवा रही है। कई जगहों पर अस्थायी पुलिस चेकपोस्ट और बंकर बनाए जा रहे हैं, जिससे आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। हजरतगंज, चारबाग, डालीबाग, गोमतीनगर और पॉलीटेक्निक चौराहा जैसे प्रमुख इलाकों में शुक्रवार को पुलिस ने संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। जुमे की नमाज को देखते हुए पुराने लखनऊ में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी। यहां PAC और स्थानीय पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहे।

Nsmch
NIHER


सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी

लखनऊ पुलिस केवल ज़मीनी सुरक्षा नहीं, बल्कि डिजिटल सुरक्षा पर भी निगरानी रख रही है। पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों पर नज़र रख रही है। ऐसे संदेश पोस्ट करने वालों की पहचान की जा रही है, और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें। केवल पुलिस प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से प्राप्त सूचनाओं को ही सही मानें, और यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहा हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।