Preamanand Maharaj : संत प्रेमानंद महाराज के एकांतिक वार्तालाप और दर्शन का बदल गया सिस्टम, अब ऐसे होगी मुलाकात
Preamanand Maharaj : वृन्दावन के संत प्रेमानंद महाराज के एकांतिक वार्तालाप और एकांतिक दर्शन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है. जानिए क्या है पूरी प्रक्रिया....
N4N DESK : संत प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम में एकांतिक वार्तालाप और एकांतिक दर्शन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आश्रम प्रशासन द्वारा नया टोकन सिस्टम लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार श्रद्धालुओं को अब दिन में लाइन लगानी होगी। इसके बाद शाम के समय हाथ पर नंबर लिखकर एक टोकन दिया जाएगा। बता दें कि संत प्रेमानंद के स्वास्थ्य को लेकर पिछले काफी समय से उतार-चढ़ाव की खबरें आती रहती हैं। हालांकि हाल में सोशल मीडिया में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह स्कूटी चलाते हुए दिखे थे।
एकांतिक वार्तालाप की नई व्यवस्था में टोकन लेकर श्रद्धालु अगले दिन सुबह 8:15 बजे गौतम ऋषि आश्रम पहुंचेंगे, जहां टोकन के बदले उन्हें एकांतिक वार्तालाप या एकांतिक दर्शन का टोकन प्राप्त होगा। आश्रम सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों बाद व्यवस्था को और सरल किया जाएगा। इसके तहत श्रद्धालुओं को शाम के समय ही टोकन दे दिया जाएगा जिससे वे अगले दिन सुबह सीधे अंदर जाकर दर्शन कर सकेंगे।
पिछले दिनों सोशल मीडिया में संत प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह यमुना खादर में बने एक मार्ग से स्कूटी चलाते हुए दिखाई दिए थे। लोगों ने प्रेमानंद महाराज को स्कूटी चलाते देखा तो आसपास के लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। तब उनके साथ चल रहे शिष्यों ने लोगों को ऐसा करने से रोका। वायरल वीडियो में यह सब दिख रहा था।
बता दें की संत प्रेमानंद की एक झलक पाने के लिए वृंदावन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। लोग एकांतिक वार्तालाप में संत प्रेमानंद महाराज से जीवन के विभिन्न पहलुओं से जुड़े प्रश्न पूछते हैं और उनके उत्तर प्राप्त करते हैं। लोगों के प्रश्नों के उत्तर में संत प्रेमानंद जी महाराज विस्तार से समझाते हैं जिनमें से कई बातें जीवन के गूढ़ रहस्यों को खोलने वाली होती हैं। संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करने वालों में सामान्य जन के अलावा देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियां भी होती हैं।