UP News : महराजगंज में अधिकारियों से मिलने पहुंचे वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने पर जताई नाराजगी

UP News : वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने यूपी के महाराजगंज में एएसपी और एसडीएम से मुलाकात की. उन्होंने कहा की होटल संचालकों पर दबाव बनाकर बुकिंग रद्द कराई गई.....पढ़िए आगे

UP News : महराजगंज में अधिकारियों से मिलने पहुंचे वीआईपी प्र
अधिकारियों से मिले मुकेश सहनी - फोटो : SOCIAL MEDIA

LUCKNOW  : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी शनिवार को उत्तर प्रदेश के महराजगंज में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और एसडीएम से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों से पूरी तरह शांतिपूर्ण और संयमित रहने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग बाहर ही रहें और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने कहा कि वह स्वयं प्रशासन से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

मुकेश सहनी ने कहा कि यदि प्रशासन कानून और संविधान के अनुरूप कार्य करता, तो उन्हें अधिकारियों से मिलने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं को बिना किसी ठोस कारण के हिरासत में लिया गया, होटल संचालकों पर दबाव बनाकर बुकिंग रद्द कराई गई तथा बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के उनके कार्यक्रम को बाधित किया गया।

उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके समर्थक कोई किराए की भीड़ नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और संविधान में विश्वास रखने वाले जागरूक नागरिक हैं। जनता को डराकर लोकतंत्र नहीं चलाया जा सकता और संविधान से ऊपर कोई नहीं है।

वीआईपी प्रमुख ने कहा कि सरकार जनता के बदलते जनादेश और पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। इसी कारण उनके कार्यक्रमों में लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी तथा प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और कानूनसम्मत कार्रवाई की अपेक्षा करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्य और लोकतंत्र की जीत होगी तथा जनता की आवाज को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।