Yatri Niwas : जयपुरिया ट्रस्ट ने हरिद्वार में समर्पित किया आधुनिक यात्री निवास, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी और पूर्व CM त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया उद्घाटन

Yatri Niwas : देवभूमि हरिद्वार में जयपुरिया ट्रस्ट की ओर से यात्री निवास की शुरुआत की गयी. इसका उद्घाटन स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी और पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने किया.......पढ़िए आगे

Yatri Niwas : जयपुरिया ट्रस्ट ने हरिद्वार में समर्पित किया आ
यात्री निवास की शुरुआत - फोटो : SOCIAL MEDIA

HARIDWAR : हरिद्वार के बोपतवाला क्षेत्र में सेठ बेनी जयपुरिया ट्रस्ट द्वारा स्थापित जयपुरिया यात्री निवास का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, महावीर प्रसाद जयपुरिया, अनुराग जयपुरिया सहित कई गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।

समारोह को संबोधित करते हुए स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पवित्र भूमि पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्री निवास बेहद सहायक साबित होगा। उन्होंने सनातन धर्म की मूल भावना पर जोर देते हुए कहा कि यह हमें सभी का सम्मान करना सिखाता है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि देवभूमि में यात्रियों और संतों की सेवा के लिए महावीर प्रसाद जयपुरिया द्वारा समर्पित यह यात्री निवास एक आदर्श उदाहरण बनेगा। उन्होंने समाज के संपन्न वर्ग से अपील की कि वे कमजोर वर्ग की सेवा के लिए आगे आएं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से प्रेरित होकर समाज में सेवा प्रकल्पों की गति तेज हुई है। उन्होंने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी को तपोनिष्ठ संत बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से समाज के सक्षम लोग निर्बल वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि गरीब वर्ग के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने वर्ष 2047 से पहले भारत को विश्व शक्ति बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान महावीर प्रसाद जयपुरिया ने सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि अनुराग जयपुरिया ने स्वागत भाषण देते हुए भविष्य में भी गरीब कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।