बिहार विधान परिषद को मिलेंगे 8 नए सदस्य, तीन पहली बार बनेंगे विधान पार्षद, इस दिन होगी शपथ

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया गया था। इनमें चार सीटें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार सीटें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की थीं। इन सीटों पर निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो चुका है।

Bihar Legislative Council - फोटो : news4nation

Bihar MLC :  बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण को लेकर मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद राज्यपाल शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित करने के लिए विधान परिषद के सभापति को अधिकृत करेंगे। संभावना है कि 18 नवंबर को विधान परिषद के सभापति सभी आठ नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।


दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया गया था। इनमें चार सीटें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार सीटें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की थीं। इन सीटों पर निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो चुका है। नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों का नया कार्यकाल औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।


पांच पुराने चेहरे नहीं आएंगे नजर

आठ नए सदस्यों के सदन में पहुंचने के साथ ही बिहार विधान परिषद की राजनीतिक तस्वीर भी बदल जाएगी। इस चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चारों सीटों पर निवर्तमान विधान पार्षदों को हार का सामना करना पड़ा है। इनमें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजय सिंह, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नवल किशोर यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद शामिल हैं।


इसके अलावा दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हारने वाले निर्दलीय सर्वेश कुमार भी अब विधान परिषद में नजर नहीं आएंगे। इस तरह पांच पुराने सदस्यों की जगह नए चेहरे सदन में अपनी भूमिका निभाते दिखाई देंगे। इस चुनाव में सबसे चर्चित बदलावों में भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव की हार भी रही। वह करीब तीन दशक से विधान परिषद की राजनीति में सक्रिय थे। वहीं, कांग्रेस नेता मदन मोहन झा भी सदन के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में गिने जाते रहे हैं।


तीन सदस्य पहली बार लेंगे शपथ

प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में तीन ऐसे सदस्य भी होंगे, जो पहली बार विधान परिषद की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित डॉ. संजीव कुमार, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी राहुल राज और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित अनिल कुमार झा शामिल हैं।


इन नए सदस्यों के सामने अब सदन में अपने निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को उठाने और शिक्षकों तथा स्नातकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती होगी। 


18 नवंबर को शपथ ग्रहण की संभावना के बीच अब सभी की नजर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की अधिसूचना और राज्यपाल की ओर से होने वाली औपचारिक प्रक्रिया पर है। इसके पूरा होते ही बिहार विधान परिषद में आठ नए सदस्यों की पारी शुरू हो जाएगी।