Bihar digital attendance: डिजिटल हाजिरी भी नहीं सुधार सकी शिक्षकों की मनमानी, हर दिन 25 हजार गुरुजी स्कूल से गायब!
Bihar digital attendance: बिहार के सरकारी स्कूलों में हर दिन 25 हजार से ज्यादा शिक्षकों के ड्यूटी से गायब रहने की रिपोर्ट है। डिजिटल हाजिरी में गड़बड़ी पर वेतन कटौती और निलंबन की तैयारी।
Bihar digital attendance: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की लापरवाही से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षा विभाग के प्रयासों के बावजूद कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। कुछ शिक्षक हाजिरी बनाने के बाद स्कूल से चले जाते हैं, जबकि कई तय समय से पहले घर लौट जाते हैं। विभाग के निगरानी आंकड़ों और जिलों में हुए औचक निरीक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में हर दिन औसतन 25 हजार से अधिक शिक्षक ड्यूटी से नदारद रहते हैं।
डिजिटल हाजिरी की व्यवस्था में भी गड़बड़ी सामने आई है। विभाग की तकनीकी जांच में कुछ शिक्षकों की सेल्फी संदिग्ध मिली है। कई दिनों तक एक ही फोटो अपलोड की गई। इन तस्वीरों में न कपड़े बदले और न ही पीछे का दृश्य।
घर के पास पोस्टिंग के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
शिक्षकों की आवाजाही की समस्या दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने घर के पास ट्रांसफर और पोस्टिंग की व्यवस्था की है। इसके साथ ही ई-शिक्षाकोष पोर्टल के जरिए बायोमेट्रिक और जियो-फेंसिंग आधारित डिजिटल हाजिरी अनिवार्य की गई है। इसके बावजूद शिक्षकों की अनुपस्थिति और लापरवाही की शिकायतें मिल रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर गणित, अंग्रेजी और विज्ञान की पढ़ाई पर पड़ा है। मार्च में वार्षिक परीक्षा होनी है, लेकिन अक्टूबर तक कई स्कूलों में आधा कोर्स भी पूरा नहीं हो पाया है।
डिजिटल हाजिरी में गड़बड़ी, एक ही फोटो कई दिनों तक अपलोड
शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ई-शिक्षाकोष मोबाइल ऐप पर मार्क-इन और मार्क-आउट की व्यवस्था लागू की गई है। शिक्षकों को स्कूल परिसर में सेल्फी अपलोड करना भी जरूरी है। इसके बावजूद कई जगह इस व्यवस्था का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ शिक्षक सुबह स्कूल पहुंचकर मार्क-इन कर देते हैं, लेकिन दोपहर होते ही स्कूल से गायब हो जाते हैं।
कुछ शिक्षक शाम को मार्क-आउट के समय ही वापस पहुंचते हैं और अपनी हाजिरी पूरी दिखाते हैं। कई प्रखंडों में शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग से रोटेशनल सिस्टम चलाने की भी शिकायत मिली है। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, समस्तीपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों के मध्य विद्यालयों से ऐसी रिपोर्ट सामने आई है। कई स्कूलों में शिक्षक सुबह 9 बजे के बजाय 10:15 या 10:30 बजे तक पहुंचते हैं। इस दौरान बच्चे कक्षाओं में शिक्षक का इंतजार करते रहते हैं।
गणित, अंग्रेजी और विज्ञान की पढ़ाई सबसे ज्यादा प्रभावित
शिक्षकों की गैरमौजूदगी का असर खास तौर पर गणित, अंग्रेजी और विज्ञान की कक्षाओं पर पड़ रहा है। निर्धारित समय पर इन विषयों के पीरियड नहीं हो पा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पिछड़ रहा है। मार्च में वार्षिक परीक्षा होने के कारण छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। अक्टूबर तक आधा पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने से परीक्षा की तैयारी पर भी असर पड़ सकता है।
वेतन कटौती और निलंबन की तैयारी
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की अनुपस्थिति और डिजिटल हाजिरी में गड़बड़ी को गंभीरता से लिया है। विभाग ने निर्देश दिया है कि जिस दिन शिक्षक का मार्क-इन या मार्क-आउट दर्ज नहीं होगा, उस दिन का वेतन रोका जा सकता है। जियो-लोकेशन में गड़बड़ी मिलने पर भी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियम तोड़ने वाले शिक्षकों के खिलाफ जांच और निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।
पुरानी फोटो से हाजिरी नहीं बना पाएंगे शिक्षक
फर्जी फोटो और मोबाइल शेयरिंग के जरिए हाजिरी बनाने पर रोक लगाने के लिए ई-शिक्षाकोष ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित लाइवनेस डिटेक्शन सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इस तकनीक में सेल्फी लेते समय शिक्षक को पलकें झपकाने या सिर हिलाने जैसे निर्देश दिए जा सकते हैं। इससे यह जांचने में मदद मिलेगी कि फोटो उसी समय ली गई है या पुरानी तस्वीर अपलोड की गई है।