केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले बिहार के मंत्री कुमार शैलेंद्र, बिहार में इन सड़क परियोजनाओं का खुला रास्ता
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Bihar News : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान बिहार की सड़क अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और नई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में नितिन नवीन की बेटी खुशहाली भी मौजूद रहीं।
मुलाकात के दौरान कुमार शैलेंद्र ने बिहार में लंबित और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने विक्रमशिला सेतु के समानांतर पॉन्टून ब्रिज, मुजफ्फरपुर–बरौनी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-122) के चार लेन चौड़ीकरण और पूर्वी बाईपास, नौबतपुर से झारखंड सीमा तक NH-139 के फोरलेन निर्माण, NH-333 और NH-333A से जुड़ी परियोजनाओं, हाजीपुर–मुजफ्फरपुर कांवरिया पथ, बिहपुर–फुलौत कोसी पुल को गोविंदपुर–मुशहरी और कहारपुर से एप्रोच रैंप के जरिए जोड़ने, भागलपुर–बलदौर NH-133E तथा हाजीपुर से बिदुपुर तक गंगा के उत्तरी किनारे एलिवेटेड सड़क के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।
इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने का भी अनुरोध किया। कुमार शैलेंद्र ने फुलौत–बिहपुर पुल के एप्रोच रोड और हाजीपुर से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम कांवरिया मार्ग के निर्माण की आवश्यकता से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही बिहार का दौरा कर प्रस्तावित परियोजनाओं और संबंधित स्थलों का स्वयं निरीक्षण करेंगे।
मुलाकात के बाद कुमार शैलेंद्र ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में आवागमन सुगम होगा और सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।