बिहार के सेशन जज को सुप्रीम कोर्ट की सख्त फटकार, बाहुबली जैसा रवैया छोड़ने की नसीहत

बिहार के सेशन जज को सुप्रीम कोर्ट की सख्त फटकार, बाहुबली जैस
बिहार के सेशन जज को सुप्रीम कोर्ट की सख्त फटकार- फोटो : Social media

Bihar news:सर्वोच्च न्यायालय ने बिहार के एक सत्र न्यायाधीश की कार्यशैली पर तीखी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। अदालत के हुक्म के बावजूद एफआईआर दर्ज न होने पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को तलब करने, उसी दिन मुजरिम करार देने और जुर्माना ठोकने के मामले में शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि न्यायिक अधिकारी अपने कानूनी अधिकार क्षेत्र के भीतर रहकर ही काम करें। सुनवाई के दौरान बेंच ने जज के वकील से साफ कहा कि वे अपने मुवक्किल को समझाएं कि वे 'बाहुबली' की तरह बर्ताव करना बंद करें।

पूरा विवाद तब खड़ा हुआ जब बिहार के सेशन जज ने एक मामले में पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने पर जज ने इसे अदालत की मौजूदगी में हुआ जुर्म मान लिया और अधिकारी को दोषी ठहराते हुए जुर्माना लगा दिया। इस पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि क्या किसी सेशन जज को यह इख्तियार हासिल है कि वह डीएम या एसपी को कोर्टरूम में बुलाए, पेश न होने को अदालत की तौहीन माने और उसी दिन सजा सुना दे।

मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने बीएनएसएस की धारा 384 और पुरानी सीआरपीसी की धारा 345 का जिक्र करते हुए 'अदालत के सामने किए गए अपराध' का दायरा साफ किया। कोर्ट ने कहा कि तुरंत सजा देने का अधिकार केवल तभी मिलता है जब कार्यवाही के दौरान जज की सीधी मौजूदगी में कोर्टरूम के भीतर गंभीर रुकावट पैदा की जाए, जैसे किसी को थप्पड़ मारना, गाली-गलौज करना या बाहर जाने के हुक्म की नाफरमानी करना। इसके उलट, कोर्टरूम के बाहर दिए गए आदेश का पालन न होना इस श्रेणी में नहीं आता और ऐसे मामलों में कानून की निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई मुमकिन है।