BRICS Summit की वेलकम किट में सत्तू-मखाना, CM सम्राट चौधरी बोले- बिहार का स्वाद दुनिया के सामने
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्तू और मखाना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलना बिहार के लिए गौरव की बात है।
BRICS Summit Welcome Kit : बिहार का गौरव एक बार फिर वैश्विक मंच पर बढ़ा है। दिल्ली में आयोजित BRICS Summit की वेलकम किट में बिहार के प्रमुख खाद्य उत्पाद सत्तू और मखाना को शामिल किया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर खुशी जताते हुए इसे राज्य के स्वाद, परंपरा और उद्यमिता की वैश्विक पहचान बताया है।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्तू और मखाना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलना बिहार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसे ‘Local to Global’ संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए बिहार की नई पहचान बन रही है और बिहार का स्वाद अब दुनिया के सामने पहुंच रहा है।
क्या है BRICS Summit?
BRICS उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों का एक अंतरराष्ट्रीय समूह है। इसका नाम मूल रूप से Brazil, Russia, India, China और South Africa के अंग्रेजी नामों के शुरुआती अक्षरों से बना है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक, राजनीतिक और कूटनीतिक सहयोग को मजबूत करना है।
BRICS Summit में सदस्य देशों के शीर्ष नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, विकास, निवेश, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हैं। ऐसे वैश्विक आयोजन में बिहार के पारंपरिक खाद्य उत्पादों का शामिल होना राज्य के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।