छात्रों के समर्थन में उतरे चिराग पासवान... सीएम सम्राट चौधरी से कर दी बड़ी अपील, पटना में भारी बवाल
चिराग पासवान ने कहा, “मैं उनकी भावनाओं का समर्थन करता हूं। मैंने हमेशा सही चिंताओं को सही फोरम तक पहुंचाने का काम किया है।” वह मुख्यमंत्री से मुलाकात की कोशिश करेंगे और उनसे इन मुद्दों का समाधान निकालने का अनुरोध करेंगे।
Bihar News : पटना में BPSC TRE-4 समेत विभिन्न सरकारी भर्तियों और परीक्षा सुधारों की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों की भावनाओं को समझते हैं और उनकी उचित चिंताओं को सही मंच तक पहुंचाने का काम हमेशा करते रहे हैं। चिराग ने कहा कि वह बुधवार को ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर छात्रों की ओर से उठाई जा रही मांगों पर चर्चा करने और समाधान निकालने का आग्रह करेंगे।
चिराग पासवान ने कहा, “मैं उनकी भावनाओं का समर्थन करता हूं। मैंने हमेशा सही चिंताओं को सही फोरम तक पहुंचाने का काम किया है।” उन्होंने बताया कि इससे पहले जब बिहार में PhD करने की इच्छा रखने वाले छात्रों ने UGC के नियमों को लागू करने से जुड़ी अपनी चिंता जताई थी, तब भी उन्होंने यह मामला मुख्यमंत्री के सामने उठाया था। उन्होंने कहा कि छात्रों की वर्तमान मांगों को लेकर भी वह मुख्यमंत्री से मुलाकात की कोशिश करेंगे और उनसे इन मुद्दों का समाधान निकालने का अनुरोध करेंगे।
छात्रों का जोरदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि मंगलवार को पटना में मुख्यमंत्री आवास के घेराव के आह्वान के साथ हजारों छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। BPSC TRE-4 समेत विभिन्न सरकारी भर्तियों और परीक्षा सुधारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कई स्थानों पर पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
छात्रों को रोकने के लिए पटना में भारी संख्या में पुलिस और CRPF के जवानों की तैनाती की गई थी। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच कई जगहों पर झड़प की स्थिति बनी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
जेपी गोलंबर समेत कई इलाकों में छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्तों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ बांस-बल्ली लगाई थी। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए मौके से हटाया गया।
छात्रों की मांगों पर सरकार से हस्तक्षेप की अपील
पटना के गर्दनीबाग में छात्र 18 अगस्त से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। मंगलवार के प्रदर्शन के बाद अब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का छात्रों के समर्थन में सामने आना आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चिराग ने स्पष्ट किया कि छात्रों की उचित मांगों और चिंताओं को सरकार के सामने रखना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मौजूदा विवाद का समाधान निकालने की दिशा में पहल करने की बात कही है।