कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, पंजाब से बिहार की ओर आ रही ट्रेन में खचाखच भरे यात्रियों में मचा कोहराम

कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जा रही थी. यह ट्रेन बिहार से होकर जाती है और कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरती है. कई बोगियों में धुआं निकलता देख ट्रेन को रोककर यात्रियों को बाहर निकाला गया.

Karmabhoomi Express- फोटो : news4nation

Karmabhoomi Express : पंजाब से बिहार की ओर जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में शुक्रवार को आग लग गई.  चलती ट्रेन में आग लगने की यह घटना पंजाब के पटियाला- राजपुरा के पास सराय बंजारा के पास हुई.  हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब दिवाली के मौके पर ट्रेनें खचाखच भरी हुई हैं. देखते ही देखते धुंए का गुबार हर तरफ फैल गया और यात्री डरकर ट्रेन से उतरने लगे.


कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जा रही थी.कई बोगियों में धुआं निकलता देख  ट्रेन को रोककर यात्रियों को बाहर निकाला गया.   रेलवे के सीनियर अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है. अंबाला रेल मंडल के सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशांजीत सिंह ने बताया कि आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी.


पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन को उनके बयान देने से लगभग 45 मिनट पहले आग लगने की सूचना मिली थी. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग पैंट्री में लगी थी और बाद में कुछ डिब्बों तक फैल गई. फायर अलार्म बजने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँच गई हैं.


शांजीत सिंह ने बताया कि यात्रियों को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक नजदीकी स्टेशन तक जाने के लिए कहा गया है.