बिहार में कोसी एक्सप्रेस में आग की लपटें ! यात्रियों में मचा हड़कंप, फिर ऐसे बची सैंकड़ों यात्रियों की जान

हटिया से पूर्णिया कोर्ट जा रही ट्रेन संख्या 18625 के एम-2 कोच में आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया।

Kosi Express Fire - फोटो : news4nation

Fire in Train : पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन पहुंची कोसी एक्सप्रेस के एक कोच के नीचे से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। हटिया से पूर्णिया कोर्ट जा रही ट्रेन संख्या 18625 के एम-2 कोच में आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। 


हालांकि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन रानीबाग ढाला के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वहां तैनात गेटमैन सुदीन कुमार की नजर एम-2 कोच के नीचे से निकल रहे घने धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन अधीक्षक को दी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही उसे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रोका गया। उस समय कोच के नीचे आग की लपटें भी दिखाई दे रही थीं।


रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कोच में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू नहीं पाने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। इस दौरान एम-2 कोच में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया।


कोसी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से सुबह 5:30 बजे सिमरीबख्तियारपुर पहुंची थी। आग बुझाने और आवश्यक सुरक्षा जांच के बाद ट्रेन को सुबह 6:13 बजे आगे के लिए रवाना किया गया। करीब 43 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। 


प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ब्रेक बाइंडिंग होने की आशंका जताई गई है। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। समय रहते धुआं देख लिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।