भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनी गई प्रधानमंत्री की मन की बात, पीएम मोदी ने बिहार के इस विश्वविद्यालय को जमकर सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी यूनिवर्सिटी अब अपने नए रूप में एक बार फिर से सामने आ रही है।

Prime Ministers Mann Ki Baat- फोटो : news4nation

Mann Ki Baat : भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू, महाचंद्र प्रसाद सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने वाले लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलों पर देशवासियों ने सकारात्मक रूप से अमल किया है। साथ ही उन्होंने वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए लोगों से सजग और सतर्क रहने की अपील की।


शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मन की बात का देशभर के लोग हर महीने इंतजार करते हैं क्योंकि यह कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा और नई प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने आगामी गणेश उत्सव के दौरान देश की मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के उपयोग पर जोर दिया, जिससे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और संस्कृत भाषा के वैश्विक प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देशों में भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है।

दुर्घटना बीमा को सराहा 

नरेंद्र मोदी ने अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में नांदेड़ के पेठकर परिवार की सराहना की, जिसने विवाह के अवसर पर 3500 लोगों के लिए दुर्घटना बीमा कराया। पीएम ने बीमा योजनाओं को मजबूत सुरक्षा कवच बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक जुड़ने और अन्य लोगों से भी इसकी जानकारी साझा करने की अपील की।


सोना खरीदने में आई कमी 

 पीएम मोदी ने ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध के कारण उपजे वैश्विक संकट के बीच बीते दिनों पेट्रोल-डीजल बचाने, एक साल तक सोना नहीं खरीदने, कार पुलिंग की अपील की थी। आज मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने इस अपील की असर पर बात की। नेवी को मिले तीन नए जहाजों पर मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, 'जून के महीने में भी देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनसे हर नागरिक को गर्व महसूस होता है. ये उपलब्धियां देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं। हाल ही में, मुझे कोलकाता में नौसेना के एक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला. वहां, INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया।


नालंदा विश्व विद्यालय पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां नालंदा विश्वविद्यालय के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी यूनिवर्सिटी अब अपने नए रूप में एक बार फिर से सामने आ रही है। यह विश्वविद्यालय शास्त्रार्थ की पुरानी भारतीय परंपरा को एक बार फिर से जीवित करने पर ध्यान देगा। इसके अलावा देश के तमाम युवाओं को भी बेहतर बनाने में अपना योगदान देगा। पीएम ने कहा कि शास्त्रार्थ केवल अपनी बात रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि वाद-विवाद, संवाद और मंथन की एक अनुशासित प्रक्रिया है। शास्त्रार्थ में तर्कों और तथ्यों का आधार रखना बेहद जरूरी होता है। यही नहीं दूसरों के विचारों को भी ध्यान पूर्वक सुनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुझे खुसी है कि नालंदा विश्वविद्यालय ने शास्त्रार्थ को अपने दीक्षांत कार्यक्रम का हिस्सा बनाया।

वंदना की रिपोर्ट