मोदी मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल, नीतीश कुमार को लेकर बड़ी खबर, बिहार से आने वाले इन मंत्रियों का कटेगा पत्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिमंडल में जल्द ही बड़ा बदलाव कर सकते हैं. इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है, यहाँ तक कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर भी चर्चा होने की खबर है.

Modi Cabinet Reshuffle - फोटो : news4nation

Modi Cabinet Reshuffle:  संसद के मानसून सत्र से पहले केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में बड़े स्तर पर मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा बिहार को लेकर है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हाल ही में राज्यसभा सदस्य बने नीतीश कुमार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावनाओं पर लगातार चर्चा हो रही है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने हाल ही में इस संबंध में संकेत दिए थे कि यदि पार्टी नेतृत्व निर्णय लेता है तो यह सम्मान की बात होगी। वहीं, जदयू के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी उनके पास नहीं है।


राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि यदि मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है तो बिहार के प्रतिनिधित्व में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। चर्चा है कि बिहार से आने वाले कुछ मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया जा सकता है या उन्हें संगठन में नई भूमिका दी जा सकती है। हालांकि, किन नेताओं पर यह फैसला लागू होगा, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार 18 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल का ऐलान कर सकती है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के संगठन में भी बड़े बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सरकार और संगठन दोनों में एक साथ नई टीम की घोषणा की जा सकती है।


धर्मेंद्र प्रधान  पर बड़ा निर्णय 

इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। अटकलें हैं कि उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है। वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अतिरिक्त मंत्रालय दिए जाने की भी चर्चाएं हैं। गडकरी पिछले 12 वर्षों से सड़क परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 


नए चेहरों की एंट्री 

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि सरकार कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। चर्चाओं के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को भी सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके साथ ही यह भी अटकलें हैं कि मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।


बागियों पर मेहरबानी 

सूत्रों के अनुसार, हाल के महीनों में पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र से अपनी-अपनी पार्टियां छोड़कर एनडीए के साथ आए कुछ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस छोड़ने वाले कुछ नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जबकि महाराष्ट्र से भी हाल में एनडीए में शामिल हुए नेताओं को सरकार में प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन सभी नामों पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व को ही लेना है।


भाजपा संगठन में नए लोग 

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा महासचिव बी.एल. संतोष के साथ हुई हालिया बैठक ने भी इन अटकलों को और हवा दे दी है। माना जा रहा है कि बैठक में संगठन और सरकार दोनों में संभावित बदलावों पर चर्चा हुई। हालांकि, भाजपा की ओर से बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।