ललन सिंह ने नहीं खर्च किया सांसद निधि का एक भी रुपया, मीसा, रुड़ी, संजय जायसवाल भी फिसड्डी, जानिए अपने MP का हाल

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मुंगेर के सांसद ललन सिंह का MPLADS फंड उपयोग के मामले में प्रदर्शन सबसे खराब है। इसी श्रेणी में मीसा भारती, राजीव प्रताप रूडी और संजय जायसवाल का नाम भी शामिल है।

MPLADS - फोटो : news4nation

MPLADS :  18वीं लोकसभा के गठन के दो साल से ज्यादा समय बीतने के बाद बिहार के 40 लोकसभा सांसदों के सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना यानी MPLADS फंड के इस्तेमाल का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। आंकड़ों में सांसद निधि के उपयोग को लेकर कई बड़े नामों का प्रदर्शन निराशाजनक नजर आ रहा है। खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह समेत कई सांसदों ने अब तक सांसद निधि से एक रुपया भी खर्च नहीं किया है।


5 सांसदों ने नहीं खर्च की सांसद निधि

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मुंगेर के सांसद ललन सिंह का MPLADS फंड उपयोग के मामले में प्रदर्शन सबसे खराब है। उन्होंने अब तक सांसद निधि से एक रुपया भी खर्च नहीं किया है। इसी श्रेणी में मीसा भारती, राजीव प्रताप रूडी और संजय जायसवाल का नाम भी शामिल है। यानी इन सांसदों के खाते में आवंटित राशि के मुकाबले खर्च शून्य दर्ज है।


सबसे बेहतर प्रदर्शन में वीणा देवी सबसे आगे

दूसरी ओर MPLADS फंड के उपयोग में वैशाली की सांसद वीणा देवी सबसे आगे नजर आ रही हैं। आंकड़ों के अनुसार उन्हें 14.70 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिसमें से उन्होंने 13.11 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उनका फंड उपयोग 89.19 फीसदी है। इसके बाद अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह का नंबर है। उन्होंने 14.70 करोड़ रुपये में से 11.82 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और उनका उपयोग प्रतिशत 80.46 फीसदी है।

बांका के सांसद गिरिधारी यादव ने 78.10 फीसदी फंड का इस्तेमाल किया है। वहीं सीवान की सांसद विजयलक्ष्मी देवी ने 77.26 फीसदी और झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने 73.14 फीसदी सांसद निधि का उपयोग किया है।

60 फीसदी से ऊपर उपयोग करने वाले सांसद

आंकड़ों में इसके बाद बक्सर के सुधाकर सिंह का नाम है, जिन्होंने 66.34 फीसदी फंड खर्च किया है। मुजफ्फरपुर के राज भूषण चौधरी ने 65.56 फीसदी, सासाराम के मनोज कुमार ने 64.62 फीसदी और जमुई के अरुण भारती ने 62.04 फीसदी सांसद निधि का इस्तेमाल किया है। मधेपुरा के दिनेश चंद्र यादव ने 61.63 फीसदी, किशनगंज के डॉ. मोहम्मद जावेद ने 59.91 फीसदी और सुपौल के दिलेश्वर कामैत ने 56.31 फीसदी राशि खर्च की है। वहीं दरभंगा के गोपाल जी ठाकुर का उपयोग प्रतिशत 51.54 फीसदी, भागलपुर के अजय कुमार मंडल का 51.19 फीसदी और कटिहार के तारिक अनवर का 50.96 फीसदी है। खगड़िया के राजेश वर्मा ने 50.47 फीसदी और पूर्णिया के राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने 49.40 फीसदी सांसद निधि का इस्तेमाल किया है। काराकाट के राजा राम सिंह के खाते में 48.77 फीसदी उपयोग दर्ज है।

599.9 करोड़ से ज्यादा का आवंटन

डैशबोर्ड के मुताबिक बिहार के 40 लोकसभा सांसदों के लिए कुल 599.9 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें से करीब 43.25 फीसदी राशि का उपयोग हुआ है। वहीं फिलहाल वर्क्स कंप्लीटेड की संख्या शून्य दिखाई जा रही है। MPLADS के इन आंकड़ों ने सांसदों के विकास कार्यों और फंड के इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।